खाताधारकों से 1 करोड़ 75 हजार 717 रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, पुलिस ने लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के एफडी बॉन्ड किए जब्त, संचालक केशव गिरफ्तार
Accused of defrauding account holders of ₹1,00,75,717; police have seized a laptop and the FD bonds of 29 beneficiaries, and arrested the operator, Keshav.
धमतरी : भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के कियोस्क के माध्यम से खाताधारकों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी और गबन करने के मामले में भखारा पुलिस ने कियोस्क संचालक को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर करीब 10 साल के दौरान बैंक खाताधारकों के साथ वित्तीय अनियमितता, कूटरचना और रकम के गबन का आरोप है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर जब्त किए हैं. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक NICT Technologies Pvt. Ltd. धमतरी के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जुगल किशोर उम्र 31 साल, निवासी चरमुडिया, थाना कुरुद ने थाना भखारा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उनकी संस्था भारतीय स्टेट बैंक के अनुबंध के आधार पर कियोस्क यानी ग्राहक सेवा केंद्रों का संचालन कराती है. इसी कड़ी में ग्राम कोर्रा स्थित कियोस्क के संचालन की जिम्मेदारी केशव राम साहू को सौंपी गई थी.
शिकायत के मुताबिक कियोस्क संचालक केशव राम साहू ने 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच SBI के खाताधारकों के साथ कथित रूप से बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना की. इस दौरान कुल 1,00,75,717 रुपये की राशि के आपराधिक न्यास भंग का आरोप है. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना भखारा पुलिस ने अपराध क्रमांक 102/2026 के तहत धारा 318(4), 338 और 336(3) बीएनएस में जुर्म दर्ज कर जांच शुरु की.
पूछताछ में जुर्म कबूल करने का दावा, दस्तावेज जब्त
पुलिस ने जांच के दौरान संदेही केशव राम साहू की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया. उसके बयान के आधार पर ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से गवाहों की मौजूदगी में लेनोवो कंपनी का एक लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स्ड डिपॉजिट बॉन्ड पेपर विधिवत जब्त किए गए.
जांच में जुर्म के पुख्ता सबूत पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को 21 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया. इसके बाद उसे कुरूद की अदालत के सामने न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया. जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
आरोपी
केशव राम साहू पिता हेमलाल साहू उम्र 40 साल
मूल निवासी साकिन देवकोट, चौकी कंवर, थाना गुरूर, जिला बालोद
वर्तमान पता बोरिया खुर्द, अर्जुन विहार, थाना मुजगहन, जिला रायपुर
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?




