नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़, FIR के बाद शिक्षक फरार, राजस्थान से पकड़ाया, 34 वर्षीय आरोपी कंप्यूटर टीचर देवेंद्र गिरफ्तार, भेजा गया सलाखों के पीछे
Teacher absconding after FIR for molesting minor female students; caught in Rajasthan. The 34-year-old accused, computer teacher Devendra, has been arrested and sent behind bars.
बीजापुर : छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के भोपालपत्तनम ब्लॉक अंतर्गत रुद्रारम स्थित बालिका एकलव्य आवासीय विद्यालय में नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले फरार कंप्यूटर शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी शिक्षक की पहचान देवेंद्र कुमार दहिया उम्र 34 साल के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक मामले में पीड़िता छात्रा की मां ने 12 सितंबर को थाना भोपालपत्तनम में लिखित तहरीर दी गई थी. बच्चों के खिलाफ अपराधों पर फौरन कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा पाक्सो अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 32/2026 दर्ज किया था.
एसआईटी ने राजस्थान और हरियाणा में की घेराबंदी
बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया. पुलिस की दो अलग-अलग टीमों को संभावित ठिकानों के लिए रवाना किया गया. जिसमें एक टीम राजस्थान और दूसरी हरियाणा भेजी गई. लगातार तकनीकी सबूतों, सर्विलांस और मुखबिर से मिली पुख्ता खबर के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान के झालावाड़ में घेराबंदी कर फरार आरोपी को हिरासत में ले लिया.
झालावाड़ से ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया
झालावाड़ में आरोपी देवेंद्र कुमार दहिया की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने वहां के स्थानीय न्यायालय में प्रक्रिया पूरी कर ट्रांजिट रिमांड हासिल किया. इसके बाद आरोपी को सुरक्षित बीजापुर लाया गया. थाना भोपालपटनम में सभी विधिक और चिकित्सीय औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी शिक्षक को सक्षम न्यायालय के सामने न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया. जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
लंबे समय से चल रही थी शिक्षक की शिकायत
उल्लेखनीय है कि रुद्रारम एकलव्य विद्यालय की करीब सात छात्राओं ने कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दहिया पर पिछले दो वर्षों से अशोभनीय व्यवहार और छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए थे. छात्राओं और उनके पालकों ने पूर्व में जिला कलेक्टर से मिलकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी. थाने में शिकायत दर्ज होते ही आरोपी संस्था छोड़कर फरार हो गया था. जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



