गोबरा नवापारा में ट्रैक्टर की टक्कर से 60 वर्षीय स्कूटी सवार अख्तर अली की मौत, चालक मौके से फरार, वाहन जप्त, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
A 60-year-old scooter rider, Akhtar Ali, died after being hit by a tractor in Gobra Nawapara; the driver fled the scene, the vehicle has been seized, and the police are searching for the accused.
रायपुर/अभनपुर/गोबरा नवापारा : नवापारा नगर के मैडम चौक के पास बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना गंभीर था कि स्कूटी चला रहे 60 साल के बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान अख्तर अली के रूप में हुई है. हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है. जबकि चालक की तलाश की जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक अख्तर अली राजिम के मस्तान शाह दरगाह के सामने रहते थे. बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह स्कूटी नम्बर CG04 DZ 4083 से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान गोबरा नवापारा के मैडम चौक के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद अख्तर अली सड़क पर गिर गए और गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने हादसे की खबर फौरन पुलिस को दी. खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गोबरा नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी पहचान और पतासाजी में जुटी हुई है. हादसा किन हालात में हुआ और ट्रैक्टर की रफ्तार कितनी थी. इसकी भी जांच की जा रही है.
इस हादसे के बाद क्षेत्र में रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि राजिम क्षेत्र के पास पितईबंद इलाके में रेत उत्खनन और परिवहन का काम लंबे समय से चल रहा है. बड़ी तादाद में ट्रैक्टरों से रेत गोबरा नवापारा की तरफ लाई जाती है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि दम्माणी पेट्रोल पंप के पास रेत का स्टॉक किया जाता है. वहां से जेसीबी की मदद से रेत को हाईवा वाहनों में लोड कर दूसरे स्थानों पर भेजा जाता है. इसी वजह से इलाके की सड़कों पर ट्रैक्टरों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है.
लोगों का कहना है कि भारी वाहनों के लगातार आवागमन की वजह से सड़क सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहता है. तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच नियमित रूप से किए जाने की मांग भी उठाई गई है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रेत परिवहन से जुड़े वाहनों की जांच करने की मांग की है. उनका कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार चलने वाले ट्रैक्टरों और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.
पुलिस फिलहाल हादसे के मामले की जांच कर रही है. जब्त ट्रैक्टर से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. वहीं फरार चालक की तलाश जारी है. अख्तर अली की मौत से परिवार और नगर में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने की मांग कर रहे हैं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



