रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला, महिला के चरित्र पर संदेह, प्रताड़ना से परेशान होकर लगाईं आग, मौत के बाद आरोपी जीजा विनेत गिरफ्तार

A case that brings shame to relationships: a woman, subjected to harassment and accusations questioning her character, set herself on fire; the accused brother-in-law, Vinet, has been arrested following her death.

रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला, महिला के चरित्र पर संदेह, प्रताड़ना से परेशान होकर लगाईं आग, मौत के बाद आरोपी जीजा विनेत गिरफ्तार

बिलासपुर :छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में 28 साल की महिला की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने उसके जीजा को गिरफ्तार किया है. मुंगेली जिले में एक शादी समारोह के दौरान महिला के चरित्र पर लांछन लगाकर विवाद किया गया था. महिला ने अपनी मौत के पहले बयान में इस विवाद की वजह से दिमागी तनाव में आने की बात कही थी. जांच में सामने आए तथ्यों और सबूतों के आधार पर मल्हार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत जुर्म दर्ज किया.
2024 में किया था प्रेम विवाह, इलाज के दौरान हुई मौत
मल्हार चौकी प्रभारी एसआई अवधेश सिंह के मुताबिक भगवानपाली निवासी गीताराय ने वर्ष 2024 में अपनी मर्जी से सतीश कुमार राय से विवाह किया था. 18 अप्रैल की रात करीब 11 बजे महिला ने खुद को आग लगा ली थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु की थी.
मामा के घर शादी समारोह में हुआ था विवाद
पुलिस जांच के मुताबिक गीताराय अपने पति के साथ 15 और 16 अप्रैल 2026 को मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरछा गई थी. वहां वह अपने मामा कृष्ण बंजारे की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंची थी. इसी दौरान उसके जीजा विनेत जोगी ने उसके चरित्र पर लांछन लगाते हुए विवाद किया था. महिला ने मौत से पहले बयान में इस घटना से मानसिक तनाव होने की बात कही थी.
मौत से पहले बयान और गवाहों के बयान के आधार पर जांच
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान महिला के मौत से पहले बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पताल के बेडहेड टिकट, घटनास्थल के निरीक्षण और गवाहों के बयान को आधार बनाया. जांच में आरोपी विनेत जोगी की भूमिका सामने आने के बाद उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया. पुलिस का कहना है कि जांच में मिले तथ्यों और सबूतों के आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है.
आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के आरोप में गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपी विनेत जोगी पिता गोरेलाल जोगी उम्र 44 साल ग्राम टिकारी, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर का निवासी है. पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत जुर्म दर्ज किया है. यह धारा खुदकुशी के लिए दुष्प्रेरण से संबंधित है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया. पुलिस के मुताबिक उसे अदालत में पेश कर रिमांड की प्रक्रिया की जा रही है. मामले में आगे की जांच जारी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb