तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पति-पत्नी की मौत, घर के आंगन में मिले बेहोश, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम

A husband and wife died after being struck by lightning during heavy rain. They were found unconscious in the courtyard of their home and succumbed before reaching the hospital; the village is plunged into mourning.

तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पति-पत्नी की मौत, घर के आंगन में मिले बेहोश, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम

मरवाही : छत्तीसगढ़ में मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा ढपनीपानी में शुक्रवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बैगा दंपत्ति की दर्दनाक मौत हो गई. घटना 22 अगस्त 2026 की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है. इस हादसे के बाद परिवार और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
मिली जानकारी के मुताबिक कटरा ढपनीपानी गांव निवासी मंगल सिंह पिता माधो उम्र 46 साल अपनी पत्नी बिरस्पतिया बाई उम्र 43 साल के साथ घर पर थे. तेज गड़गड़ाहट और मूसलाधार बारिश के दौरान उनके मकान पर आकाशीय बिजली गिरी. बिजली गिरने से दंपती अपने घर के आंगन में ही बेहोश हो गए.
परिजनों के मुताबिक बिजली गिरने के समय बिरस्पतिया बाई किसी काम से घर की परछी/बरामदे की तरफ़ निकली थीं. जबकि मंगल सिंह घर की दीवार के सहारे बैठे हुए थे. अचानक हुई तेज आवाज और बिजली की चपेट में आने से दोनों वहीं गिर पड़े और बेहोश हो गए.
घटना के बाद घर में मौजूद मंगल सिंह के भाई बुधराम, उनके बेटे, परिजनों और ग्रामीणों समेत सभी ने दंपती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मरवाही पहुंचाया. डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
इस घटना से परिजनों में दुख का माहौल है. कटरा ढपनीपानी गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है. मरवाही थाना पुलिस ने मामले की खबर मिलने पर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
प्राकृतिक आपदा की इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान आकाशीय बिजली से बचाव और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?