शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध, प्रेग्नेंट हुई तो मंदिर में झूठी शादी, बच्ची संग छोड़ हुआ फरार, आरोपी भोपाल से गिरफ्तार
A man had physical relations with a young woman on the pretext of marriage, when she became pregnant, arranged a fake marriage in a temple, fled with the child, the accused was arrested from Bhopal.
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर की पुलिस ने युवती से दुष्कर्म के मामले में फरार एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने एक युवती को शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण किया. जब वह गर्भवती हुई उसने एक बच्ची को जन्म दिया तो आरोपी मनोज कुमार पांडेय भाग निकला. लंबे समय तक फरारी काट रहे इस शख्स को जशपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश से पकड़ा है.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र की है और जो वर्तमान में राजनांदगांव में रहती है. पीड़िता ने 19 अगस्त 2025 को थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में वह कुनकुरी में एक कंपनी में काम करती थी और वहीं किराए पर रहती थी.
आरोपी ने बनाई नजदीकी: युवती के मुताबिक आरोपी मनोज कुमार पांडेय भी उसी कंपनी में काम करने वाला शख्स है जो 44 साल का है. मूल रुप से आरोपी मनोज कुमार पांडेय सतना का रहने वाला है. वह युवती से अक्सर मिलने आता था और मदद करने के बहाने धीरे-धीरे उसने नज़दीकियां बढ़ा लीं. आरोपी ने युवती से शादी करने का झांसा दिया और फिर संबंध बनाए.
7 मार्च 2024 को पहली बार आरोपी ने उसके किराए के मकान में आकर दुष्कर्म किया और तब से लगातार वह उसके साथ संबंध बनाता रहा. जब युवती ने शादी की बात कही तो आरोपी ने कहा कि पहले लिव-इन में रहेंगे. बाद में शादी करेंगे. इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई. दबाव डालने पर आरोपी उसे एक मंदिर ले गया और सिंदूर भरकर झूठी शादी का नाटक रचा.
आरोपी जनवरी 2025 में कुनकुरी की नौकरी छोड़ राजनांदगांव चला गया और वहां एक मिल में काम करने लगा. इसी दौरान युवती ने अप्रैल 2025 में राजनांदगांव के सरकारी अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया. हॉस्पिटल दस्तावेज़ों में पति के नाम के रुप में खुद आरोपी ने दस्तखत भी किया.
8 मई 2025 को युवती और नवजात को छोड़कर आरोपी फरार हो गया. बाद में पीड़िता को पता चला कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है. संपर्क करने की हर कोशिश नाकाम रही और आरोपी ने किराए का मकान तक का खर्च उठाना बंद कर दिया. जिससे पीड़िता जीवन यापन और मानसिक पीड़ा से जूझ रही थी.
युवती की रिपोर्ट पर राजनांदगांव कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 69 के तहत जुर्म दर्ज कर केस को जीरो में कुनकुरी थाना, जशपुर ट्रांसफर कर दिया. जांच की जिम्मेदारी अजाक थाना जशपुर को सौंपी गई. रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी भोपाल के आनंदनगर में छिपा हुआ है. पुलिस की विशेष टीम वहां रवाना हुई और उसे हिरासत में लेकर जशपुर लाया गया. पूछताछ में आरोपी ने जुर्म करना कबूल कर लिया. सबूतों की पुष्टि होने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



