राजिम कुंभ कल्प में छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति का उत्सव लोकमहक खल्लारी की प्रस्तुति पर थिरके दर्शक, MLA रोहित साहू ने किया औचक निरीक्षण

Chhattisgarhi folk culture was celebrated at Rajim Kumbh Kalpa; audience danced to the presentation of folk fragrance Khallari, MLA Rohit Sahu made a surprise inspection.

राजिम कुंभ कल्प में छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति का उत्सव लोकमहक खल्लारी की प्रस्तुति पर थिरके दर्शक, MLA रोहित साहू ने किया औचक निरीक्षण

राजिम कुंभ कल्प में छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति का उत्सव लोकमहक खल्लारी की प्रस्तुति पर थिरके दर्शक, 
नवलगोल बंधी राम-राम समधी...” की शानदार प्रस्तुति से दिया सामाजिक संदेश
गरियाबंद : राजिम कुंभ कल्प के पांचवें दिन मुख्य मंच पर लोकमहक खल्लारी की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों को छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति के रंगों में सराबोर कर दिया. विभिन्न पारंपरिक परिधानों और नृत्य शैलियों के साथ कलाकारों ने ऐसा मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किया कि दर्शक अपनी सीटों पर बैठे-बैठे झूमने मजबूर हो गए.
लोककला मंच की शुरुआत गणेश वंदना “गाईये गणपति गज वंदन... ” से हुई। विघ्नहर्ता की वंदना सुनकर दर्शक भी भावविभोर होकर गणपति का स्मरण करने लगे। मां शारदे की आराधना में प्रस्तुत गीत “तै नाचत आवे न...” ने मंच को भक्ति रस से भर दिया। देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत “जन गण मन अधिनायक... जय बोलो भारत माता” ने कार्यक्रम को एक नई ऊंचाई दी। इसके बाद प्रेम और लोकजीवन से जुड़े गीत “बड़े बिहनियां कौंवा करे कौव...” और “तोर गुरतुर बोली मोर मन ल मोही डारे...” और कर्मा नृत्य की प्रस्तुति में कलाकारों ने रंग-बिरंगे परिधानों के साथ “चाहे तै मन ल तोड़ ले, चाहे तै दिल ल तोड़ ले...” गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे देख दर्शक खुद को झूमने से रोक नहीं पाए। कार्यक्रम का सबसे रोचक गीत “नवलगोल बंधी राम-राम समधी...” गीत की प्रस्तुति हुई। इस नोक-झोंक भरे गीत ने एक ओर दर्शकों को गुदगुदाया तो दूसरी ओर रिश्तों की मिठास और सामाजिक संदेश भी दिया। हर प्रस्तुति के बाद तालियों की गूंज से पूरा पंडाल गूंज उठा। कार्यक्रम का सफल संचालन मनोज सेन ने किया। कलाकारों का सम्मान राजिम विधायक रोहित साहू एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्मृति चिन्ह और गुलदस्ता भेंटकर किया.
7 फरवरी को दत्तात्रेय मंदिर से निकलेगी नागा साधुओं की पेशवाई
गरियाबंद : माघ पूर्णिमा से लेकर महाशिवरात्रि तक चलने वाले राजिम कुम्भ कल्प पर्व के रौनकता देखते ही बन रहीं हैं। साधु संतो के आने का सिलसिला शुरू हो चुका हैं। 7 फरवरी दिन शनिवार को नागा साधुओं द्वारा पेशवाई निकालने की तैयारी जोरशोर से चल रही है। मिली जानकारी के मुताबिक अखाड़ो के साधु संत शहर के गरियाबंद रोड में स्थित दत्त भक्तों के श्रध्दा के केन्द्र दत्तात्रेय मंदिर सुबह 9 बजे से एकत्रित होने का क्रम प्रारंभ हो जाएगा और पूजा अर्चना की जायेगी। दत्तात्रेय मंदिर के सर्वराकार रामकुमार पुरी गोस्वामी ने बताया कि भगवान दत्तात्रेय के छोटी प्रतिमा को पालकी में रखकर पेशवाई निकलेगी। सैकड़ो की संख्या में कुम्भ में आने वाले सभी  नागा साधुओं के लिए टेंट लगाकर छाया की व्यवस्था की जा रही हैं । जब से कुम्भ शुरू हुआ हैं तब से लगातार नागा साधुओं की पेशवाई यहीं से निकल रही हैं । महामाया चौक, गोवर्धन चौक, गायत्री मंदिर होते हुए वीआईपी रोड से सीधे लोमश ऋषि आश्रम पहुंचेंगे.
इस दौरान नागा साधुओं द्वारा शस्त्र प्रदर्शन किया जाएगा। राजिम के नागरिकों द्वारा पेशवाई गुजरने वालों मार्गों में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। इसे लेकर लोगों में खास तौर से उत्सुकता देखी जा रही हैं। उल्लेखनीय हैं कि पेशवाई यानी राजसी शानो शौकत के साथ संतो का कुम्भ में प्रवेश करना होता हैं। पेशवाई शाही रूप में राजा महाराजो की तरह पैदल, घोड़े और रथो से निकाली जाती हैं और श्रध्दालु उनके मार्ग में स्वागत सम्मान करते हैं। ये संत अपने अपने अखाड़ो से ध्वजा लेकर अपनी सेना और परंपराओं के साथ निकलते हैं। माना जाता हैं कि कुम्भ मेला में पेशवाई के साथ ही साधु संत धार्मिक अनुष्ठान तथा अन्य कार्य में रत हो जाते हैं.
राजिम कुंभ कल्प मेला महिला जागरुकता का केंद्र बना महिला एवं बाल विकास विभाग का स्टॉल
गरियाबंद : राजिम कुंभ कल्प के नवीन मेला मैदान में लगाए गए शासकीय स्टॉलों में मेलार्थियों की भीड़ लग रही है और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ले रहे हैं। इस प्रदर्शनी में महिला एवं बाल विकास विभाग का स्टॉल महिलाओं को जागरूक करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है। स्टॉल पर महिलाओं की भीड़ देखी जा रही है, जो विभागीय योजनाओं और जानकारियों में गहरी रुचि ले रही हैं। स्टॉल में उपस्थित छबी राम निर्मलकर द्वारा दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961, सखी वन स्टॉप सेंटर तथा महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी बुकलेट के माध्यम से दी जा रही है। उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा या किसी भी प्रकार की महिला उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं सखी वन स्टॉप सेंटर में जाकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं अथवा टोल फ्री नंबर 181 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में रेडी-टू-ईट पोषण सामग्री की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसमें चकोली, खुरमी, सेव, सलोनी, अरसा, ठेठरी सहित विभिन्न पारंपरिक एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थ प्रदर्शित किए गए हैं, जिनकी जानकारी महिलाओं को दी जा रही है। इसके साथ ही स्टॉल पर पोषण वाटिका की जानकारी भी दी जा रही है। बताया जा रहा है कि कम जगह या डब्बों में भी पोषण वाटिका का निर्माण कर घर पर ही हरी सब्जियों के पोषक तत्व आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं। स्टॉल में महतारी वंदन योजना और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की जानकारी के साथ विभिन्न योजनाओं के लाभ और पात्रता को लेकर जानकारी दिया जा रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB

विधायक रोहित साहू ने मीडिया सेंटर का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्था को लेकर लिया फीडबैक, समस्याओं को दूर करने दिया आश्वासन
गरियाबंद :
राजिम कुंभ कल्प मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को लेकर राजिम विधायक रोहित साहू ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला परिसर स्थित मीडिया सेंटर का विशेष रूप से जायजा लिया और वहां की कार्यप्रणाली, समाचार-फ़ोटो संकलन व प्रसारण व्यवस्था सहित पत्रकारों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विधायक साहू ने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने बैठने की व्यवस्था, इंटरनेट कनेक्टिविटी, बिजली आपूर्ति, कंप्यूटर सुविधा, प्रेस विज्ञप्तियों की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं को लेकर पत्रकारों से फीडबैक लिया। पत्रकारों ने मीडिया सेंटर एवं मेला के व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे, जिन्हें विधायक ने गंभीरता से सुना और अव्यवस्था को शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। विधायक रोहित साहू ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में आयोजन से जुड़ी सटीक, त्वरित और सकारात्मक जानकारी मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के सशक्त स्तंभ हैं और उनके लिए बेहतर कार्य व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद रास्तों से बेरिकेटिंग हटा दिए गए गए है। साथ ही कुंभ मेला में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था और पत्रकारों को निर्बाध रूप से कार्य करने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने समय-समय पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने की भी बात कही।इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी, मीडिया सेंटर के प्रभारी एवं सहयोगियों सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे। मीडिया सेंटर के निरीक्षण के बाद विधायक श्री साहू मेला के अन्य क्षेत्रों में पैदल घूमकर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
7 फरवरी के आकर्षण:  देवराज मिश्रा एवं महेश साहू लोकमंच की देंगे झमाझम प्रस्तुति
गरियाबंद :
शनिवार की शाम मुख्य मंच पर बेमेतरा के  देवराज  मिश्रा एवं नवागांव चम्पारण के महेश साहू  लोकमंच की झमाझम  प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा स्थानीय नदी मंच में नारायण साहू मानस गान, हरिकेष महानंद, रामायण, पवन चंद्राकर मानस गान, अनसुईया जसमंडली, सोनु मानिकपुरी भजन संध्या की प्रस्तुति देंगे। नया मेला स्थल के स्थानीय मंच के गौतम साहू पंडवानी, पोखराज साहू जगराता, हेमन्त यादव राउतनाचा, पुना बाई धु्रव सुवा नृत्य, निर्मलसिंह ध्रुव आदिवासी नृत्य, आदित्य नारायण सुगम गायन, कैलाश शुक्ला लोकनृत्य, सूरज साहू लोककला मंच ,यशोदा साहू लोककला मंच, ललित निर्मलकर लोकनृत्य से समा बांधेंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB