तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, बिजली मिस्त्री की मौके पर मौत, गुस्साए लोगों ने ड्राइवर को पीटा, 11 साल में 54 हजार से ज्यादा मौतें

A speeding car hits a biker, killing the electrician on the spot, and angry people beat up the driver. More than 54,000 deaths in 11 years.

तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, बिजली मिस्त्री की मौके पर मौत, गुस्साए लोगों ने ड्राइवर को पीटा, 11 साल में 54 हजार से ज्यादा मौतें

बिलासपुर : बिलासपुर जिले में मस्तूरी राष्ट्रीय राजमार्ग 49 पर भदौरा के पास देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार कार ने बाइक नम्बर CG 10 Z 5239 HF डीलक्स में सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक इलेक्ट्रिशियन का काम करता था और रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रहा था. यह हादसा मस्तूरी थाना क्षेत्र में हुआ.
मिली जानकारी के मुताबिक बलोने कार नम्बर CG 11 BV 3903 की रफ्तार काफी तेज थी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक शुभम राठौर उम्र 30 साल निवासी भदौरा को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
इस हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी तादाद में मौके पर पहुंच गए. युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हालात बन गए.
खबर मिलने के बाद मस्तूरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हालात को कंट्रोल किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
एसएसपी ने दिए जांच के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए रजनेश सिंह ने तत्काल पुलिस टीम को जांच के निर्देश दिए हैं. पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. साथ ही हादसे के बाद उत्पन्न तनाव की हालात को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है.
ओवरस्पीड बन रही मौत की बड़ी वजह
हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों की बड़ी वजह बनती जा रही है. पिछले पांच साल के सड़क हादसों में दोपहिया वाहन चालकों की 36.60 फीसदी मौत और चार पहिया वाहनों से जुड़ी 31 फीसदी मौतों की वजह ओवरस्पीड रही है.
11 साल में 54 हजार से ज्यादा मौतें
प्रदेश में 2015 से 2025 तक कुल 1 लाख 36 हजार 502 सड़क हादसे दर्ज किए गए. इनमें 54 हजार 203 लोगों की मौत हुई. आंकड़ों के मुताबिक हादसों में जान गंवाने वालों में 50 फीसदी की उम्र 18 से 35 साल के बीच थी.
इनमें सबसे ज्यादा मौतें बिलासपुर, रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, कोरबा, बलौदा बाजार और महासमुंद जिलों में दर्ज की गईं. रिपोर्ट के मुताबिक ज्यादातर हादसे शाम 3 बजे से रात 9 बजे के बीच हुए. जबकि 51.29 फीसदी मौतें दोपहिया वाहन हादसों में हुईं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t