तेज रफ़्तार ट्रेलर की चपेट में आने से महिला की मौत, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम, जांच में जुटी पुलिस

A woman died after being hit by a speeding trailer, her family members blocked the road by placing her body on the road, police started investigation

तेज रफ़्तार ट्रेलर की चपेट में आने से महिला की मौत, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम, जांच में जुटी पुलिस

रायगढ़ : चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा जयसवाल ढाबा के सामने हुआ, जहां ओवरलोड कोयला लेकर आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर चालक महिला को कुचलते हुए करीब 20 फीट तक घसीटते ले गया. घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क पर चक्काजाम कर दिया.
मृतिका पुष्पा मेहर, अपने पति चमरा मेहर के साथ हमीरपुर से पुसौर ग्राम कठानिन स्थित मायके जा रही थी. जयसवाल ढाबा के पास भारी वाहनों की लंबी कतार होने की वजह से पति ने उसे गाड़ी से नीचे उतारकर पैदल आने को कहा और खुद गाड़ी को धीरे-धीरे निकालने लगा. इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने महिला को चपेट में ले लिया. .ट्रेलर का पिछला पहिया महिला के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया. खबर मिलते ही चक्रधर नगर और जूटमिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अमित शुक्ला और प्रशांत राव आहेर घटनास्थल पर मौजूद रहे और लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे. परिजनों और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मृतका के परिवार को 75 लाख रुपए मुआवजे की मांग की. घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार कार्यालय से अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्कालिक रुप से 25,000 रुपए मुआवजा देने और जरुरी कार्रवाई का आश्वासन दिया.
हालांकि परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे और दोपहर भर सड़क जाम किया. हालात को कंट्रोल करने के लिए प्रशासनिक अमला मौके पर डटा रहा. आखिरकार शाम करीब चार बजे बिना किसी विवाद के चक्काजाम खत्म हुआ और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए एंबुलेंस से भेजा गया.
इस हादसे ने एक बार फिर ओवरलोड और तेज रफ्तार भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरुरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और ऐसे हादसों पर अंकुश लगाने की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB