दोस्तों के साथ वॉटरफॉल घुमने गए युवक का फिसला पैर, डूबने से मौत, 18 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव बरामद, परिजनों में पसरा मातम, इलाके में शोक की लहर
A young man visiting a waterfall with friends slipped and drowned; his body was recovered after an 18-hour rescue operation, plunging his family into grief and sending a wave of mourning through the area.
गरियाबंद/सीनापाली :ओडिशा के सीनापाली क्षेत्र स्थित थीपाखोल वॉटरफॉल में डूबे अमलीपदर के युवक बसंत ध्रुव का शव करीब 18 घंटे बाद बरामद कर लिया गया. ओडिशा के स्थानीय गोताखोरों की मदद से सोमवार को रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को पानी से बाहर निकाला गया.
साथियों के साथ वॉटरफॉल घूमने गया था युवक
मिली जानकारी के मुताबिक अमलीपदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरलापारा निवासी युवक बसंत ध्रुव अपने साथियों के साथ रविवार को सुबह करीब 10 बजे थीपाखोल वॉटरफॉल घूमने और नहाने गया था. बताया जा रहा है कि समूह में कुल आठ लोग थे. नहाने के दौरान अचानक पानी का स्तर बढ़ने से बसंत ध्रुव पानी की गहराई में चला गया और इसके बाद दिखाई नहीं दिया.
अचानक बढ़ा था पानी का स्तर
बताया गया कि दोपहर करीब 3 बजे तक वॉटरफॉल क्षेत्र में पानी का स्तर अपेक्षाकृत कम था. इसी दौरान अचानक बारिश होने से पानी का बहाव और जलस्तर बढ़ गया. युवक अपने साथियों के साथ नहा रहा था. तभी वह फिसलकर गहरे पानी में चला गया. हादसे के बाद उसके साथ मौजूद सात युवक बाहर निकल आए. लेकिन बसंत ध्रुव का पता नहीं चल सका. आशंका जताई गई थी कि वह पानी के नीचे मिट्टी में दब गया होगा.
रात में रोका गया था रेस्क्यू
हादसे की खबर के बाद पुलिस और फायर टीम मौके पर पहुंची थी. रविवार शाम करीब 5 बजे से 7 बजे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया. लेकिन अंधेरा होने की वजह से अभियान रोकना पड़ा. क्षेत्र घने जंगल से घिरा होने और रात में जंगली जानवरों के खतरे को देखते हुए रेस्क्यू सोमवार सुबह फिर शुरू किया गया.
गोताखोरों की मदद से निकाला गया शव
सोमवार सुबह ओडिशा के गोताखोरों की मदद से दोबारा तलाश अभियान चलाया गया. करीब 18 घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बरामद कर लिया गया.
मृतक युवक की पहचान बसंत ध्रुव के रूप में बताई जा रही है. शव बरामद होने के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है. हादसे से अमलीपदर क्षेत्र में भी शोक का माहौल है.
हादसे की खबर मिलने पर सीनापाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है. शव का पोस्टमार्टम कराया गया. जिसके बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



