दोस्तों के साथ बांध देखने पहुंचे युवक ने अचानक लगा दी छलांग, तेज बहाव में लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, मौके पर माहौल गमगीन, वीडियो वायरल

A young man who had gone to visit a dam with friends suddenly jumped into the water; he has gone missing in the strong current, and a rescue operation is underway. The atmosphere at the scene is somber, and a video of the incident has gone viral.

दोस्तों के साथ बांध देखने पहुंचे युवक ने अचानक लगा दी छलांग, तेज बहाव में लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, मौके पर माहौल गमगीन, वीडियो वायरल

कोरबा : मिनीमाता हसदेव बांगो बांध इन दिनों उफान पर है. लगातार बारिश के चलते बांध के 7 गेट खोले गए हैं और करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. इसी बीच शनिवार को बांध देखने पहुंचे 23 साल के युवक ने अचानक खुले गेट की दिशा में छलांग लगा दी. कुछ देर तक वह पानी में तैरता दिखाई दिया. लेकिन उसके बाद तेज बहाव में ओझल हो गया. घटना के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम उसकी तलाश में जुटी है.
मिली जानकारी के मुताबिक पाली थाना क्षेत्र के चैतमा गांव निवासी रंजीत यादव अपने तीन दोस्तों के साथ बांगो बांध घूमने पहुंचा था. चारों दोस्त गार्डन के पास खड़े होकर बांध का नजारा देख रहे थे. इसी दौरान रंजीत अपने दोस्तों से कुछ दूरी पर चला गया और अचानक गार्डन की रेलिंग पर चढ़कर बांध के खुले गेट की दिशा में छलांग लगा दी. उसकी इस हरकत से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. छलांग लगाने के बाद रंजीत कुछ देर तक पानी में तैरता नजर आया लेकिन तेज बहाव की वजह से कुछ ही देर बाद आंखों से ओझल हो गया.
घटना की खबर मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू व तलाशी अभियान शुरू किया. थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने रंजीत के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी. परिजनों के पहुंचने के बाद मौके पर गमगीन माहौल हो गया.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नीतिश ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया. पानी का बहाव तेज होने की वजह से रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है. गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है. फिलहाल रंजीत का कोई सुराग नहीं मिला है.
बांगो बांध प्रशासन की ओर से पहले ही गेट खुले होने के चलते लोगों को बांध के आसपास नहीं जाने की चेतावनी दी गई थी. इसके बावजूद लोग बांध का नजारा देखने पहुंच रहे हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान बांध, नदी और तेज बहाव वाले जलस्रोतों के पास जाने से बचें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?