एसीबी का 37वां ट्रैप, नायब तहसीलदार कॉफी हाउस में 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, राजस्व विभाग में मचा हड़कंप
ACB's 37th trap: Naib Tehsildar caught red-handed taking a bribe of Rs 50,000 at a coffee house, causing panic in the Revenue Department.
बिलासपुर : भ्रष्टाचार की कॉफी अब ठंडी पड़ने लगी है. क्योंकि एसीबी की टीम लगातार गर्म कप के साथ रिश्वतखोरों को पकड़ रही है. सोमवार को एसीबी बिलासपुर की टीम ने सीपत तहसील के नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे को एक किसान से फौती नामांतरण के एवज में 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया.
डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम बिटकुला निवासी प्रवीण पाटनवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी दिवंगत माता की 21 एकड़ कृषि भूमि के नामांतरण के लिए तहसीलदार लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था. पहले 1.5 लाख रुपए की मांग की. फिर मोलभाव के बाद 1.20 लाख में सौदा तय हुआ.
एसीबी ने शिकायत की पुष्टि के बाद ट्रैप की पूरी योजना बनाई. तय रकम की पहली किश्त 50 हजार रुपए आरोपी को देने के लिए भेजी गई. और जैसे ही आरोपी ने एनटीपीसी सीपत स्थित कॉफी हाउस में रिश्वत की राशि हाथ में ली. टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया. रिश्वत की रकम जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. इस कार्रवाई से तहसील दफ्तरों में हड़कंप मच गया है.
डीएसपी सिंह ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि एसीबी की ऐसी कार्रवाइयाँ लगातार जारी रहेंगी. किसी भी भ्रष्ट अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा.
पिछले डेढ़ साल में एसीबी बिलासपुर की यह 37वीं ट्रैप कार्रवाई है. जो इस बात का सबूत है कि जिले में एसीबी की पकड़ लगातार सख्त होती जा रही है. डीएसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है. तो तुरंत एसीबी के मोबाइल नंबर 9926111932 या 07752-250362 पर संपर्क करें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



