हाथियों को पत्थर मारने और पटाखे फोड़ने वालों पर एक्शन, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, जांच के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, वन विभाग ने दी चेतावनी
Action taken against those who pelted stones at elephants and burst firecrackers; video went viral on social media; two accused arrested following an investigation; Forest Department issued a warning.
रायगढ़ : रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम छर्राटांगर में जंगली हाथियों को प्रताड़ित करने के मामले में वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर की गई. जिसमें कुछ लोग खेतों में पहुंचे हाथियों पर पत्थर फेंकते और पटाखे फोड़कर उन्हें डराने का प्रयास करते नजर आए थे.
वन विभाग ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और घटनास्थल का निरीक्षण किया. जांच में सामने आया कि यह घटना ग्राम छर्राटांगर क्षेत्र की है. जहां दो जंगली हाथी खेतों में पहुंचे थे. इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें भगाने के लिए अनुचित और खतरनाक तरीके अपनाए.
जांच के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
वनमंडलाधिकारी अरविंद पी.एम. के निर्देशन में, उप वनमंडलाधिकारी घरघोड़ा आशुतोष मांडवा के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच की गई. तकनीकी और मैदानी जांच के आधार पर दो व्यक्तियों की पहचान मनमोहन राठिया और करम सिंह राठिया के रूप में हुई. जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2(16), 9, 51 एवं 52 के तहत मामला दर्ज किया गया है. वन विभाग ने बताया कि आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा.
वन विभाग की सख्त चेतावनी
वनमंडलाधिकारी अरविंद पी.एम. ने कहा कि हाथियों या किसी भी वन्यजीव के साथ इस तरह का व्यवहार गंभीर अपराध है. उन्होंने साफ़ किया कि हाथियों को पत्थर मारना, पटाखे फोड़ना, उन्हें डराना या पीछा करना कानूनन जुर्म है और इससे मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील किया कि हाथियों के दिखाई देने पर उनके करीब न जाएं और फौरन वन विभाग को खबर दें. उन्होंने कहा कि कई बार लोग वीडियो या रील बनाने के लिए खतरनाक तरीके अपनाते हैं. जो जानलेवा साबित हो सकता है.
मानव-वन्यजीव संघर्ष पर चिंता
वन विभाग ने कहा कि ऐसे कृत्य न सिर्फ वन्यजीव संरक्षण कानून के खिलाफ हैं. बल्कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों और इंसानों के बीच टकराव की घटनाएं बढ़ती हैं. विभाग ने साफ किया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. वन विभाग ने लोगों से अपील किया है कि वे वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाएं और किसी भी तरह की उकसाने वाली हरकतों से बचें.
आरोपी
मनमोहन वल्द सखाराम राठिया
करम सिंह वल्द नकुल राठिया
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



