शादी समारोह में शामिल होने आई 8 वर्षीय बच्ची की डबरी में डूबने से मौत, हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल, जांच में जुटी पुलिस
An 8-year-old girl, who had come to attend a wedding, drowned in a pond. The family and village are in mourning after the accident. Police are investigating.
सूरजपुर : सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मेंड्रा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. जहां आठ साल की बच्ची की डबरी में डूबने से मौत हो गई. यह हादसा उस वक्त हुआ जब बच्ची अपने रिश्तेदार के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थी. हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक बरहियाडांड की रहने वाली अन्नु यादव उम्र 8 साल अपने माता-पिता के साथ मेंड्रा गांव में अपनी फुफेरी बहन की शादी में शामिल होने पहुंची थी. घर में शादी का माहौल था और परिवार के सदस्य कार्यक्रम की तैयारियों में बीजी थे.
बताया जा रहा है कि जिस घर में शादी का आयोजन हो रहा था. वहां शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं थी. इसी वजह से अन्नु यादव घर के पीछे स्थित बाड़ी की तरफ शौच के लिए गई थी. इस दौरान वह संतुलन खो बैठी और पास में स्थित डबरी में गिर गई.
डबरी में पानी ज्यादा होने की वजह से वह बाहर नहीं निकल सकी. कुछ समय बाद जब परिजनों को बच्ची दिखाई नहीं दी तो उसकी तलाश शुरू की गई. खोजबीन के दौरान उसे डबरी में पाया गया. फौरन ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. बच्ची को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. जिस घर में खुशी का माहौल था. वहां अब मातम पसरा हुआ है. परिवार के लोग इस हादसे से गहरे सदमे में हैं. ग्रामीणों ने बताया कि शादी की वजह से घर में काफी भीड़ थी और इसी बीच बच्ची अकेले बाड़ी की तरफ चली गई. जिससे यह हादसा हो गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय की कमी की वजह से अक्सर लोग खुले में जाने को मजबूर होते हैं. जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है. उन्होंने प्रशासन से गांवों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने की मांग की है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटनावश डूबने का मालूम हो रहा है. हालांकि पूरी जांच के बाद ही घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि की जाएगी. पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह हादसा एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को उजागर करती है. प्रशासन और स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की जरुरत है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



