करंट की चपेट में आया जानवरों को रोकने खेत में जीआई तार लगा रहा पूरा परिवार, पूर्व सरपंच मां को बचाने दौड़े 2 बेटों की भी मौत, इलाके में पसरा मातम
An entire family was installing GI wire in their field to keep animals away when they were struck by electric shock; two sons also died after rushing to save their mother—a former Sarpanch—plunging the area into mourning.
बिलासपुर/कोटा : बिलासपुर जिला के कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में मां और उसके दो बेटों की करंट लगने से मौत हो गई. तीनों खेत में घेराबंदी का काम कर रहे थे. तभी अचानक जीआई तार में करंट दौड़ गया और वे उसकी चपेट में आ गए. शाम को जब मृतका के पति खेत पहुंचे। तब हादसे की जानकारी हुई. यह पूरा मामला कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म का है. घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है/
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम भाड़म निवासी पूर्व सरपंच दसन बाई शुक्रवार सुबह अपने खेत में मवेशियों को घुसने से रोकने के लिए मेड़ पर जीआई तार और नायलॉन की रस्सी से घेराबंदी करने गई थीं. उनके साथ बड़ा बेटा विवेक सिंगरौल उम्र 23 साल और छोटा बेटा सत्यव्रत सिंगरौल उम्र 14 साल भी गया था.
इसी दौरान खेत में बिछे तार में अचानक करंट दौड़ गया और तीनों उसकी चपेट में आ गए. करंट इतना तेज था कि तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. शुरुआती जांच में मौत की वजह करंट लगना मानी जा रही है, लेकिन खेत में करंट कैसे पहुंचा, यह अब तक साफ नहीं हो सका है.
मृतका के पति सीताराम सिंगरौल पेशे से ड्राइवर है. वो काम पर गया था. शाम को घर लौटने पर पत्नी और दोनों बेटे घर में नहीं मिले. पहले उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की. लेकिन कहीं पता नहीं चलने पर खेत पहुंचे. वहां पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े मिले. यह नजारा देखकर वह बदहवास हो गया और कोटा पुलिस को खबर दी.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक खेत में काम के दौरान सबसे पहले मां करंट की चपेट में आईं. उन्हें बचाने के लिए दोनों बेटे एक-एक कर आगे बढ़े. लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए. देखते ही देखते मां और दोनों बेटों की मौके पर ही मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया.
हादसे की जानकारी मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. देर शाम होने की वजह से शवों का पोस्टमॉर्टम उसी दिन नहीं हो सका. शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिवारवालों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया.
शुरुआती जांच में मौत की वजह करंट लगना मानी जा रही है. लेकिन खेत में करंट कैसे पहुंचा, यह अब तक साफ नहीं हो सका है. आशंका है कि किसी बिजली तार के संपर्क में आने या तकनीकी गड़बड़ी के कारण जीआई तार में करंट प्रवाहित हुआ होगा. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गांव वालों का कहना है कि उन्होंने इस तरह की घटना पहले कभी नहीं देखी. हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर खेत में करंट कैसे पहुंचा. लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



