कबीरधाम में शराब पीने के बाद बहस, डंडे से पीट-पीटकर कोटवार की हत्या, पुलिस ने आरोपी चैन सिंह को किया गिरफ्तार
Argument after drinking alcohol in Kabirdham, Kotwar killed by beating with a stick, police arrested accused Chain Singh
कबीरधाम : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में ग्राम पंचायत भीरा के आश्रित ग्राम मांदी-भाटा में कोटवार की हत्या कर दी गई. ग्राम कोटवार नरेंद्र मानिकपुरी गांव के ही चैन सिंह के साथ शराब दुकान पहुंचा. जहां दोनों ने मिलकर शराब पी. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. पूरा मामला ग्राम पंचायत भीरा के आश्रित ग्राम मांदीभाटा का है.
मिली जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत बोडला निवासी नरेंद्र मानिकपुरी ग्राम पंचायत भीरा में कोटवार के रुप में पदस्थ थे. उनकी हत्या कर दी गई. शराब सेवन के दौरान किसी बात को लेकर नरेंद्र मानिकपुरी और दूसरे व्यक्ति के बीच जमकर विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे व्यक्ति ने नरेंद्र मानिकपुरी पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
आसपास मौजूद लोगों ने झगड़ा छुड़वाया और गंभीर रुप से घायल कोटवार को आनन-फानन में बोड़ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. जहां डॉक्टर ने कोटवार को मृत घोषित कर दिया. खबर के बाद बोड़ला पुलिस अस्पताल पहुंची. शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया.
पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंपा जाएगा. घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम मांदीभाटा निवासी चैन सिंह को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है. मामले की जांच बोडला थाना पुलिस द्वारा की जा रही है. इस घटना से इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
बोड़ला थाना प्रभारी रुपक शर्मा ने बताया कि डंडे से पीटने से कोटवार की मौत हुई है. आरोपी चैन सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा. उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



