सीएमओ का चेंबर बना अखाड़ा!, देवभोग नगर पंचायत में सब इंजीनियर और लेखापाल के बीच मारपीट, CCTV वीडियो वायरल, वेतन-भुगतान में देरी को लेकर विवाद

CMO's chamber becomes a turf war! Sub-engineer and accountant fight in Devbhog Nagar Panchayat, CCTV video goes viral, dispute over salary delays

सीएमओ का चेंबर बना अखाड़ा!, देवभोग नगर पंचायत में सब इंजीनियर और लेखापाल के बीच मारपीट, CCTV वीडियो वायरल, वेतन-भुगतान में देरी को लेकर विवाद

गरियाबंद : देवभोग के नगर पंचायत में सीएमओ का चेंबर अखाड़ा बन गया. चेंबर में सीएमओ के सामने ही एकाउंटेंट से मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में एकाउंटेंट संदीप चंद्राकर की कुछ लोग पिटाई करते दिख रहे हैं. इस बीच संदीप भी एक सरदार की पगड़ी निकाल कर पिटाई करते दिख रहा है. सीएमओ बीच बचाव के मुद्रा में नजर आ रहे हैं. जबकि इंजीनियर खड़े होकर तमतमाते दिख रहे हैं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 7 मई के शाम 5 बजे मारपीट के बाद संदीप की शिकायत पर इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक और उनके तीन सहयोगी के खिलाफ मामला थाने में दर्ज किया गया है. वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर संदीप चंद्राकर के खिलाफ देवभोग पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है.
थाना प्रभारी फैजुल शाह हुदा ने कहा कि मिली शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है. सीएमओ दुष्यंत साहू से घटना वाले दिन की सीसीटीवी फुटेज की मांग की गई थी. लेकिन उस वक्त उनके द्वारा रिकॉर्डिंग होने से इंकार कर दिया गया था.. अब वायरल वीडियो की पुष्टि के लिए सीएमओ को पत्र लिख जानकारी मांगी जा रही है.
मामले ने अब राजनीतिक और कर्मचारी संगठनों का रंग भी ले लिया है. संदीप चंद्राकर कर्मचारी यूनियन के प्रदेश कोषाध्यक्ष हैं. यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी और गैर-जमानती धाराओं में कार्रवाई की मांग की है.
घटना से नाराज नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों के आपसी विवाद से निकाय की छवि खराब हो रही है. उन्होंने शासन से जिम्मेदार अधिकारियों की पोस्टिंग सुनिश्चित करने की मांग की है. CMO चेंबर के भीतर हुई इस घटना ने सरकारी दफ्तरों की कार्यशैली और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t