छत्तीसगढ़ के तीन गांव में डायरिया का प्रकोप, दो लोगों की मौत, दर्जन भर बीमार, हफ्ते भर बाद हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, कैंप लगाकर बांटी दवाएं
Diarrhea outbreak in three villages of Chhattisgarh two people died a dozen fell ill health department came into action after a week distributed medicines by setting up a camp
राजनांदगांव : राजनांदगांव जिले में एक बार फिर से डायरिया का प्रकोप देखा जा रहा है. डायरिया से तीन गांव के तीन दर्जन से ज्यादा लोग पीड़ित हुए हैं. वहीं हफ्ते भर बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और अब जाकर गांव में कैंप लगाया गया है.
जिले के ग्राम संबलपुर, कोकपुर और आसरा में बीते करीब 12-15 दिनों से डायरिया फैला हुआ है. यहां एक के बाद एक लोग बीमार होते चले गए और प्राइवेट अस्पतालों में पहुंचकर अपना इलाज कराने लगे. इस दौरान गांव के दो बुजुर्गों की डायरिया से मौत भी हो गई तब जाकर मामला स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचा और गांव में स्वास्थ्य कैंप लगाकर दवाइयों का वितरण किया जा रहा है.
ग्राम संबलपुर के कुलेश्वर साहू, भारत लाल साहू और हेमा साहू ने बताया कि गांव में करीब 10-12 दिनों से डायरिया फैला हुआ है. जिसके चलते 85 साल और 61 साल के दो बुजुर्गों की मौत हो गई. वहीं करीब 10-12 लोग अभी भी डायरिया से पीड़ित हैं. ग्राम संबलपुर में इर्द-गिर्द गंदगी का आलम है और पेयजल स्रोतों के पास पानी जाम है. जिसको लेकर भी पंचायत के खिलाफ लोगों में नाराजगी है.
तीन गांव में डायरिया फैलने के मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा यहां त्वरित उपचार के इंतजाम नहीं किए जाने के चलते दर्जनों लोग बीमार हो गए. इस मामले में सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरत्न ने कहा कि 5 अक्टूबर को डायरिया फैलने की जानकारी मिली थी. गांव में स्वास्थ्य कैम्प लगा कर दवाईयां दी जा रही है. संभवत: दूषित जल से डायरिया फैला है. किसी तरह के दावत भोज की जानकारी नहीं मिली है.
कलेक्टर संजय अग्रवाल कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में कैंप लगाकर दवाइयां का वितरण किया जा रहा है और सभी को पानी उबालकर पीने की सलाह दी गई है. वहीं गांव में डायरिया फैलने के बाद यहां पीएचई विभाग द्वारा पानी का सैंपल लिया गया है और गांव के एक हैंडपंप और एक पानी टंकी को जांच रिपोर्ट आने तक उपयोग के लिए बंद किया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



