दिनदहाड़े पिस्टल की नोक पर किराना व्यवसायी का अपहरण, पुलिसकर्मी बनकर आए बदमाश, घर के सामने से जबरन उठाया, वारदात CCTV में कैद, सनसनी
Grocery merchant abducted at gunpoint in broad daylight; miscreants posing as police personnel forcibly took him from outside his home; incident captured on CCTV; sensation prevails.
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम उषाढ़ में दिनदहाड़े एक किराना व्यवसायी के अपहरण की घटना से हड़कंप मच गया. खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले दो अज्ञात बदमाशों ने एक किराना व्यवसायी को उसके घर से बंदूक की नोक पर जबरन उठाकर कार में बैठाया और फरार हो गए. वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है. वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. यह वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक उषाढ़ गांव निवासी गिरीश यादव गांव में किराना का कारोबार करते हैं. शनिवार सुबह करीब 11 बजे वे अपने घर के गलियारे में आराम कर रहे थे. इसी दौरान ओडिशा पासिंग की एक नीले रंग की बलेनो कार गांव में पहुंची। कार में दो युवक सवार थे. जिन्होंने गांव में पहुंचते ही पहले धनकुट्टी मिल के पास गिरीश यादव के घर की जानकारी ली.
इसके बाद दोनों युवक सीधे गिरीश यादव की किराना दुकान पहुंचे, जहां उनके बेटे पंकज यादव मौजूद थे. आरोपियों ने सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार करते हुए पहले पानी और सिगरेट खरीदी ताकि किसी को उन पर शक न हो. इसके बाद उन्होंने पंकज से कहा कि वह अपने पिता को बाहर बुलाए.
परिजनों के मुताबिक जैसे ही पंकज अंदर जाने लगा. दोनों युवक जबरन घर के भीतर घुस गए. उस समय गिरीश यादव घर के अंदर आराम कर रहे थे. आरोपियों ने उन्हें पिस्तौल दिखाते हुए डराया और बिना कुछ स्पष्ट बताए बाहर चलने को कहा. जब परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया और पूछताछ करने की कोशिश की. तब बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी.
वारदात इतनी तेजी से हुई कि परिजन कुछ समझ पाते. उससे पहले ही आरोपी गिरीश यादव को घर से बाहर लाए और जबरन कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए. वारदात के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. परिवार ने फौरन अपने परिचितों और आसपास के लोगों को फोन कर वाहन को रोकने और जानकारी जुटाने का प्रयास किया. लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ सके. यह वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
पीड़ित की पत्नी दुर्गा यादव ने मरवाही थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई है. इस वारदात की खबर मिलने के बाद मरवाही पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस संदिग्ध वाहन और आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है. अपहरण की इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के सीमावर्ती थाना क्षेत्रों और चेक पोस्टों को अलर्ट कर दिया गया है. मध्यप्रदेश सीमा से लगे मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से आरोपियों और वाहन की लोकेशन ट्रेस करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि व्यवसायी की सुरक्षित बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
इस वारदात ने ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. दिनदहाड़े घर में घुसकर इस तरह किसी व्यक्ति को उठा ले जाने की घटना से लोग सहमे हुए हैं. और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और व्यवसायी की तलाश में जुटी हुई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



