राजिम कुंभ कल्प में इटली के पर्यटकों ने कहा राजिम बहुत अच्छा लग रहा, आज अनुराग शर्मा, राजेन्द्र साहू और कुंदन सोनी की होगी प्रस्तुति
Italian tourists said in Rajim Kumbh Kalpa that Rajim is looking very nice, today there will be a performance by Anurag Sharma, Rajendra Sahu and Kundan Soni.
राजिम कुंभ कल्प की गूंज सात समंदर पार; इटली के पर्यटकों ने कहा राजिम बहुत अच्छा लग रहा
गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के पवित्र तीर्थ नगरी राजिम में आयोजित कुंभ कल्प मेला के आस्था और भव्यता की गूंज सात समंदर पार तक सुनाई दे रही है. संगम तट पर उमड़ती श्रद्धालुओं की भीड़, संतों का सानिध्य और सांस्कृतिक विविधता विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रही है. इटली सहित कई देशों से पहुंचे पर्यटक यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा और सरलता से अभिभूत नजर आ रहे हैं.
बता दें कि 15 दिवसीय कुंभ कल्प मेले में पहले नाइजीरिया और इटली से पर्यटक पहुंच चुके हैं. वहीं शुक्रवार को इटली के तुष्कानी राज्य के सेना नगर से तीन और पर्यटक राजिम पहुंचे. विदेशी मेहमानों ने भगवान राजीव लोचन मंदिर में दर्शन-पूजन कर संगम क्षेत्र का भ्रमण किया और मेले के हर दृश्य को अपने मोबाइल और कैमरे में कैद किया.
छात्र-छात्राओं ने श्रद्धापूर्वक डाली समिधा
गरियाबंद : राजिम कुंभ कल्प मेला के संत समागम स्थल पर शुक्रवार को आध्यात्मिक उल्लास और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सरस्वती महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया. दंडी स्वामी सच्चिदानंद तीर्थ महाराज के मंडप में सम्पन्न इस यज्ञ में स्कूली छात्र-छात्राओं ने श्रद्धा और अनुशासन के साथ समिधा अर्पित कर अनुष्ठान को पूर्ण किया. यज्ञ में सरस्वती शिशु मंदिर नवापारा के 75, सरस्वती शिशु मंदिर राजिम के 45 तथा नवकार पब्लिक स्कूल के करीब 50 विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई. संतों के सानिध्य में विद्यार्थियों ने वैदिक विधि-विधान से आहुतियां अर्पित कीं. पूरे परिसर में “या कुन्देन्दु तुषारहार धवला” के मंत्रोच्चार से माता सरस्वती की आराधना की गई.
इस अवसर पर चक्र महामेरू पीठम के स्वामी दंडी महाराज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश ही जीवन को सफल बनाता है। ज्ञान और आध्यात्मिकता का संतुलन ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है. उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया. विद्यालयों के शिक्षकों ने बताया कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और धर्म के प्रति आस्था मजबूत होती है. मां सरस्वती से बुद्धि, विवेक और विद्या की कामना करते हुए विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह से यज्ञ में भाग लिया. उल्लेखनीय है कि स्वामी सच्चिदानंद तीर्थ महाराज द्वारा प्रतिवर्ष सरस्वती यज्ञ का आयोजन किया जाता है. जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सद्विचारों का प्रसार होता है. यज्ञ संपन्न होने के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया.
राजिम कुंभ कल्प में संभागीय सरस मेला बना महिला सशक्तिकरण का मंच
महिला दो रोटी बना सकती है तो दो रोटी के लिए कमा भी सकती है - नंदनी ओंकार साहू
राजिम कुंभ कल्प के नवीन मेला मैदान में आयोजित संभागीय सरस मेला इन दिनों महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण बनकर उभर रहा है. मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से महिलाएं अपने हुनर और परंपरागत छत्तीसगढ़ी उत्पादों का प्रदर्शन कर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रही हैं. स्टॉल संचालिकाओं का उत्साहवर्धन करने जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप, महिला एवं बाल विकास सभापति नंदनी ओमकार साहू, वन सभापति शिवांगी चतुर्वेदी, जिला पंचायत सदस्य लेखराज धुरवा तथा इंद्रजीत महाडिक उपस्थित रहे. इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने कहा संभागीय सरस मेला केवल आय का साधन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ी व्यंजनों और परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है. उन्होंने कहा सेवा के साथ आय प्राप्त होना सौभाग्य की बात हैं यह आयोजन वास्तव में नारी सशक्तिकरण की सजीव मिसाल बनकर सामने आया है.
राजिम कुंभ कल्प के मुख्य मंच पर अनुराग शर्मा की होगी प्रस्तुति
मंच पर राजेन्द्र साहू लोकमंच और कुंदन सोनी भी रहेगा प्रमुख आकर्षण
राजिम कुंभ कल्प मेला में सांस्कृतिक महोत्सव की धूम लगातार जारी है. 14 फरवरी शनिवार को मुख्य मंच पर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध गायक अनुराग शर्मा अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे. इसके अलावा दुर्ग के राजेन्द्र साहू लोकमंच अपनी लोक संस्कृति से सराबोर प्रस्तुति देंगे. वहीं भाटापारा के प्रांजल सिंह राजपूत भरथरी गायन से दर्शकों को लोक परंपरा की अनूठी झलक दिखाएंगे. वहीं शाम अनुराग शर्मा भी मुख्यमंच पर कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे. इसी प्रकार पूर्व महोत्सव स्थल नदी मंच पर अकलवारा के टिकेश्वर साहू मानस गायन, धवलपुर के दीपक मिश्रा रामायण पाठ, कोपरा के विजय मार्कण्डेय सतनाम भजन, ताम्रप्रकाश बांधे मंगल भजन तथा सोरम के सत्यनारायण मानस भजन प्रस्तुत करेंगे.
स्थानीय नया मेला स्थल का स्थानीय मंच भी विविध सांस्कृतिक रंगों से सजेगा. मुड़ागांव (छुरा) के नागेश्वर साहू मानसगान, बोरिद की यशोमती सेन पंडवानी, रायपुर की मीना ध्रुव जागराता, नवागांव बुड़ेनी की सुनीता साहू लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगी. राजिम के कुंदन सोनी सुगम गायन से समां बांधेंगे, जबकि जितेन्द्र सुकुमार कवि सम्मेलन में हास्य और व्यंग्य की छटा बिखेरेंगे. इसके अलावा कठौली के प्रशांत सोनवानी लोककला मंच, नवापारा के नेमीचंद साहू म्यूजिकल ग्रुप, मंदिरहसौद की माया वर्मा भजन संध्या तथा रायपुर की संयुक्ता बोस जागराता भजन की प्रस्तुति होगी.



