शादी के 6 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, फांसी के फंदे पर लटका मिला शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, नहीं मिला सुसाइड नोट
Newlywed woman dies under suspicious circumstances six months after marriage; body found hanging; her family alleges murder; no suicide note recovered.
धमतरी/भखारा : धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है. मृतका काजल पाल उम्र 25 साल की शादी महज 6 महीने पहले हुई थी. ससुराल पक्ष का कहना है कि काजल अचानक गिर गई थी. जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. वहीं, बाद में मायके पक्ष को खबर दी गई कि काजल ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है. यह मामला भखारा थाना क्षेत्र के भखारा नगर पंचायत का है.
इस घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट करने और हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का आरोप है कि काजल का पति यशवंत धनकर आए दिन उसके साथ विवाद करता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी. यशवंत भखारा में फैंसी सामान का थोक कारोबार करता है. मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.
मृतका के परिजनों के मुताबिक घटना से कुछ देर पहले ही काजल ने उनसे फोन पर बात की थी. इस दौरान उसने ससुराल में विवाद और मारपीट होने की जानकारी दी थी. परिजनों का आरोप है कि फोन पर बातचीत के कुछ ही देर बाद उन्हें काजल की मौत की खबर मिली. इसके बाद से ही मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
मामले में पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह खुदकुशी का मामला मालूम हो रहा है. हालांकि, मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ मारपीट और हत्या की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों सहित संबंधित लोगों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
काजल पाल के शव का कुरूद अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया. जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और दोनों पक्षों के बयान दर्ज होने के बाद ही महिला की मौत के असल वजह का खुलासा हो सकेगा.
इस मामले में अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम मानी जा रही है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि काजल ने खुदकुशी की थी या उसकी मौत के पीछे कोई दूसरी वजह है. घटना के बारे में दोनों परिवारों और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस पता लगाने में जुटी है कि आखिर शादी के 6 महीनों में ऐसा क्या हुआ, जो काजल ने खौफनाक कदम उठाया. पीएम रिपोर्ट के बाद अहम खुलासा होने की संभावना है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



