भारतीय जनता मजदूर यूनियन काउंसिल की बैठक में संगठन विस्तार: अशोक द्विवेदी एवं घनश्याम विश्वकर्मा को सौंपी गई प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
Organization expansion in the meeting of Bharatiya Janata Mazdoor Union Council: Ashok Dwivedi and Ghanshyam Vishwakarma were given the responsibility of state vice president
रायपुर : भाजपा समर्थित प्रमुख मजदूर संगठन भारतीय जनता मजदूर यूनियन काउंसिल की एक अहम बैठक संपन्न हुई. जिसमें संगठन विस्तार को लेकर अहम फैसले लिए गए. राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. उम्मेद सिंह के निर्देशन और प्रदेश अध्यक्ष श्री बृजेश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में अशोक द्विवेदी और घनश्याम विश्वकर्मा को प्रदेश उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई.
पूर्व से ही सामाजिक संघर्षों से जुड़े रहे दोनों नेता
अशोक द्विवेदी और घनश्याम विश्वकर्मा दोनों ही सालों से संगठनात्मक कार्यों में सक्रियता से जुड़े रहे हैं. द्विवेदी ने श्रमिकों के न्यूनतम वेतन, ठेका प्रथा में कार्यरत मजदूरों के लिए स्थायीकरण की माँग, तथा निर्माण श्रमिकों के लिए सुरक्षा एवं बीमा योजनाओं को लागू करवाने हेतु कई जिलों में जनसुनवाई और प्रदर्शन का नेतृत्व किया है.
वहीं घनश्याम विश्वकर्मा ने श्रमिकों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने के लिए कई बार जिला श्रम अधिकारी और कलेक्टर कार्यालय में प्रतिनिधिमंडल के साथ ज्ञापन सौंपा. उन्होंने कोरबा, बिलासपुर एवं रायगढ़ में आयोजित श्रमिक जागरूकता अभियानों का सफलतापूर्वक संचालन किया तथा महिला श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा हेतु विशेष शिविरों का भी आयोजन करवाया.
लोकसभा चुनाव में निभाई संगठनात्मक भूमिका
दोनों नेताओं ने हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनावों में भी भाजपा संगठन के निर्देश पर बूथ स्तर से लेकर मंडल एवं जिला स्तर तक महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया. द्विवेदी ने शहरी क्षेत्रों में श्रमिक बहुल इलाकों में प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क का कार्य संभाला, जबकि श्री विश्वकर्मा ने ग्रामीण श्रमिक वर्ग के बीच पार्टी की नीतियों का प्रचार करते हुए मतदाता जागरूकता अभियान चलाया.
संगठन को मिलेगी नई गति और दिशा
प्रदेश अध्यक्ष श्री बृजेश शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि “श्री द्विवेदी और श्री विश्वकर्मा जैसे कर्मठ एवं अनुभवी नेताओं के संगठन में आने से मजदूर हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती दोनों ही दिशा में उल्लेखनीय परिणाम सामने आएंगे.”
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. उम्मेद सिंह ने कहा कि “मजदूर यूनियन अब केवल श्रमिक हितों की बात नहीं करेगी, बल्कि राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में भी मजदूरों की भूमिका को मजबूत करने के लिए सजग प्रयास करेगी.”
इस बैठक में मौजूद अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का अभिनंदन करते हुए भरोसा जताया कि वे अपने अनुभव और संघर्षों की पूँजी से संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



