रायपुर की महिला से 2.83 करोड़ की ठगी का पर्दाफाश, देशभर में करोड़ों की ठगी, पांच शातिर ठग यूपी से गिरफ्तार

Raipur woman's fraud of Rs 2.83 crore exposed, crores of rupees fraud across the country, five cunning thugs arrested from UP

रायपुर की महिला से 2.83 करोड़ की ठगी का पर्दाफाश, देशभर में करोड़ों की ठगी, पांच शातिर ठग यूपी से गिरफ्तार

रायपुर : देश भर में साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को छत्तीसगढ़ पुलिस ने उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों ने रायपुर की आमासिवनी निवासी सोनिया हंसपाल को डिजिटल अरेस्ट कर 2.83 करोड़ रुपए की ठगी की थी. आरोपियों के कब्जे से कई बैंक खाते, चेक बुक, सिम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. साथ ही 43 लाख रुपए की ठगी की रकम खातों में होल्ड कराई गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक आमासिवनी निवासी सोनिया हंसपाल ने थाना विधानसभा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उन्हें खुद को साइबर विंग, दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताकर अज्ञात लोगों ने फोन किया. उन्होंने महिला को डराया कि उनके आधार कार्ड से जुड़े कई फर्जी बैंक खातों में मनी लॉन्ड्रिंग हो रही है. इसके बाद व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर जुड़े रहने का दबाव बनाकर, 21 मई से 10 जुलाई 2025 तक कुल 2.83 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई.
पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में एएसपी ग्रामीण कीर्तन राठौर, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, डीएसपी क्राइम संजय सिंह, सीएसपी विधानसभा वीरेन्द्र चतुर्वेदी, इंस्पेक्टर मनोज नायक, परेश पाण्डेय और शिवेन्द्र सिंह राजपूत की टीम ने मिलकर त्वरित कार्रवाई की. मिले मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कर आरोपियों को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और लखनऊ में ट्रेस किया गया. इसके बाद पुलिस की चार सदस्यीय टीम को वहां भेजा गया.
रायपुर पुलिस की टीम ने गोरखपुर से आकाश साहू और शेर बहादुर सिंह उर्फ मोनू को और लखनऊ से अनूप मिश्रा, नवीन मिश्रा और आनंद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया. पूछताछ में सभी ने ठगी की वारदात कबूल की.
40 से ज्यादा फर्जी कंपनियों का बिछाया जाल
आरोपी अनुप, नवीन और आनंद सिंह श्री नारायणी इंफ्रा डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड, श्री गणेशा डेवलपर्स, अर्बन एज इंफ्रा बिल्डकॉम प्राइवेट लिमिटेड, पावन धरा इंफ्रा बिल्डकॉम, स्नो हाइट्स कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड एवं आनंद ट्रेडर्स नाम की फर्जी कंपनी बनाकर अलग-अलग बैंकों में खाता खुलवाकर ठगी से मिली रकम को इधर-उधर करने और नगद आहरण करने का काम करते थे,
आरोपी आनंद सिंह देवरिया उत्तर प्रदेश में पंजाब नेशनल बैंक ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करता था, जांच में पता चला है कि आरोपियों ने देश भर में 40 से ज्यादा फर्जी कंपनियां बनाकर अलग-अलग राज्यों में ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है. पुलिस अब आरोपियों की संपत्ति की जानकारी जुटाकर उसे जब्त करने की तैयारी में है. इस मामले से जुड़े अन्य आरोपी अभी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है
.
गिरफ्तार आरोपी
आकाश साहू उम्र 24 साल निवासी उंचेर, गोरखपुर
शेर बहादुर सिंह उर्फ मोनू उम्र 29 साल निवासी उंचेर, गोरखपुर
अनूप मिश्रा उम्र 48 साल निवासी आलमबाग, लखनऊ
नवीन मिश्रा उम्र 41 साल निवासी नीलमत्था, लखनऊ
आनंद कुमार सिंह उम्र 35 साल निवासी रुद्रपुर, देवरिया उत्तरप्रदेश
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB