गला घोंटकर हत्या, फिर फांसी पर लटकाया शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज, आत्महत्या दिखाने रची साजिश नाकाम, भाई-मां दोनों आरोपी गिरफ्तार
Strangled to death, then body hung; post-mortem report reveals the truth; plot to stage it as suicide foiled; both the brother and mother arrested as accused.
धमतरी : धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र की बिरेझर चौकी अंतर्गत ग्राम गोजी में 23 साल के युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जिस घटना को शुरुआत में आत्महत्या माना जा रहा था. वह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या निकली. मामले में मृतक की मां और भाई को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक 29 जून को ग्राम गोजी निवासी नरसिंग साहू उम्र 23 साल का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला. शुरुआती जांच में मामला खुदकुशी का मालुम हुआ. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला दबाकर श्वास अवरुद्ध होना सामने आया. इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की.
जांच में पता चला कि घटना वाले दिन नरसिंग साहू शराब पीने के लिए घर में पैसों की मांग कर रहा था. पैसे नहीं मिलने पर उसका अपनी मां कमला बाई साहू उम्र 60 साल और भाई नरेश साहू उम्र 22 साल से विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर दोनों ने पहले हाथों से उसका गला दबाया और फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद भी आरोपियों को उसके जिंदा होने की आशंका थी. ऐसे में उन्होंने उसे कीटनाशक दवा भी पिला दी. इसके बाद पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने के मकसद से शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया और परिजनों व आसपास के लोगों को खुदकुशी की जानकारी दी.
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया. पुलिस ने हालात में मिले सबूत, वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के आधार पर मृतक की मां और भाई को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने की बात कबूल कर ली.
कुरूद थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. मामले की जांच जारी है.
आरोपी नाम
नरेश साहू पिता दौवा राम साहू उम्र 22 साल निवासी गोजी,चौकी बिरेझर
कमला बाई साहू पति दौवा राम साहू उम्र 60 साल निवासी ग्राम गोजी, चौकी बिरेझर
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



