शासकीय राशन दुकानों में चोरी पकड़ने अनोखा तरीका, शक्कर की बोरी में पुलिस ने छिपाया GPS, चोरों को नहीं लगी भनक, 5 आरोपी गिरफ्तार

A unique method to catch theft at government ration shops: police hid a GPS device inside a sack of sugar; the thieves remained unaware, and 5 suspects have been arrested.

शासकीय राशन दुकानों में चोरी पकड़ने अनोखा तरीका, शक्कर की बोरी में पुलिस ने छिपाया GPS, चोरों को नहीं लगी भनक, 5 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शासकीय राशन दुकानों से लगातार हो रही चावल और शक्कर की चोरी का पुलिस ने अनोखे तरीके से खुलासा किया है. पुसौर थाना पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए शक्कर की बोरी में GPS ट्रैकर छिपाया था. चोरों ने उसी बोरी को चोरी कर लिया. जिसके बाद पुलिस ने ट्रैकर की लोकेशन के आधार पर उनका पीछा करते हुए पत्थलगांव में दबिश दी. इस कार्रवाई में चार कथित चोरों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यक्ति सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 115 बोरी चावल, दो बोरी शक्कर और वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा और इनोवा कार सहित कुल 38 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है.
राशन दुकानों में लगातार चोरी से परेशान थे संचालक
पुसौर थाना क्षेत्र के कई गांवों में पिछले कुछ महीनों से शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाया जा रहा था. चोर रात के समय दुकानों में घुसकर चावल और शक्कर की बोरियां लेकर फरार हो जाते थे. ग्राम औरदा, तड़ोला, कवाहरिहा, चिखली, बासनपाली, बोंडा, खोखरा, कोटमर्रा, कोडोली, घुटकुपाली, नवापारा और तिलगी सहित कई स्थानों पर चोरी की शिकायतें सामने आई थीं. लगातार हो रही घटनाओं से परेशान राशन दुकान संचालकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह और पुसौर थाना प्रभारी से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी.
पुलिस ने बनाई अनोखी प्लान, शक्कर की बोरी में छिपाया GPS
जांच में पता चला कि आरोपी तेज रफ्तार वाहनों से गांवों में पहुंचते थे और वारदात के बाद फौरन दूसरे इलाके की तरफ निकल जाते थे. पुलिस ने राशन दुकान संचालकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और GPS ट्रैकर इस्तेमाल करने की सलाह दी. कई संचालकों के लिए सीसीटीवी लगवाना खर्चीला था. ऐसे में कम लागत वाले ट्रैकर लगाने का विकल्प अपनाया गया. पुलिस ने यह भी पाया कि चोर अक्सर सबसे पहले शक्कर की बोरियां उठाते थे. इसी आधार पर एक शक्कर की बोरी के भीतर GPS ट्रैकर छिपाकर रखा गया.
25 अक्टूबर की रात चोरों ने उठा ली ट्रैकर वाली बोरी
25 और 26 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात ग्राम कोतमरा की शासकीय राशन दुकान में चोरी हुई. आरोपी दुकान से चावल और शक्कर की बोरियां लेकर फरार हो गए. इस दौरान चोर उस शक्कर की बोरी को भी उठा ले गए. जिसमें पुलिस की प्लान के तहत GPS ट्रैकर लगाया गया था. चोरी की खबर मिलने पर पुसौर थाने में अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(a) और 331(4) में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने GPS ट्रैकर से मिल रहे संकेतों का पीछा करना शुरू किया. लोकेशन से पता चला कि चोरी का सामान रायगढ़ से धरमजयगढ़ की दिशा में ले जाया जा रहा है.
GPS लोकेशन का पीछा करते पत्थलगांव पहुंची पुलिस
GPS संकेतों का पीछा करते हुए पुलिस पत्थलगांव पहुंची, यहां राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर के पास ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी बरामद हुई. पूछताछ में सेवाल कुजूर ने बताया कि मोहम्मद हफीज, समीर आलम, डमरूधर खूंटे और संतोष कुमार माहेश्वरी चोरी का सामान बेचने के लिए उसके पास छोड़कर गए थे. इसके बाद पुलिस ने पत्थलगांव और आसपास के इलाकों में दबिश देकर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया.
क्रेटा और इनोवा कार से मिलीं चावल की बोरियां
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक क्रेटा और एक इनोवा कार बरामद की. दोनों वाहनों में चावल की बोरियां रखी हुई थीं. जांच में ग्राम नवापारा, कोडकेल और कोतमरा की राशन दुकानों से चोरी की गई सामग्री बरामद होने की जानकारी सामने आई है. शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने पुसौर थाना क्षेत्र की तीन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता बताई है. अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच जारी है.
38.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
बरामद चावल
115 बोरी
बरामद शक्कर
2 बोरी
खाद्यान्न की अनुमानित कीमत
₹3.60 लाख
दो वाहनों की अनुमानित कीमत
₹35 लाख
कुल जब्त संपत्ति
₹38.60 लाख
पुलिस ने चोरी की संपत्ति खरीदने और संगठित होकर अपराध करने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4), 111 और 3(5) भी मामले में जोड़ी हैं. आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया की जा रही है.
गिरफ्तार पांच आरोपियों की पहचान
1. सेवाल कुजूर पिता फिरन कुजूर उम्र 52 साल निवासी रायगढ़ चौकी कोतबा, जिला जशपुर, वर्तमान निवास मुड़ापारा, पत्थलगांव
2. समीर आलम पिता महमूद आलम उम्र 26 साल निवासी कनकपुर, थाना रामानुजगंज, जिला बलरामपुर
3. मोहम्मद हफीज पिता मोहम्मद हनीफ उम्र 26 साल निवासी शांतिनगर तिलडेगा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर
4. संतोष कुमार माहेश्वरी पिता कार्तिकराम माहेश्वरी उम्र 33 साल निवासी गोढ़ीकेला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर
5. डमरूधर खूंटे पिता रामाधार खूंटे उम्र 36 साल निवासी गोढ़ीकेला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb