बिरयानी खाने रुपयों के लिए युवक से लूटपाट और चाकू मारकर उतारा मौत के घाट, 24 घंटे में चार नाबालिग लड़कों समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
A young man was robbed and stabbed to death by individuals seeking money to buy biryani; five suspects, including four minors, have been arrested within 24 hours.
रायगढ़ : रायगढ़ जिला की जूटमिल थाना पुलिस ने सारंगढ़ ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी राजेश्वर सारथी उर्फ समारू उम्र 19 साल और चार नाबालिग बालकों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि नशे के आदी इन आरोपियों ने बिरयानी खाने के लिए रुपये जुटाने के मकसद से सड़क किनारे सो रहे व्यक्ति की जेब टटोली थी. नींद खुलने पर जब पीड़ित ने विरोध किया. तो आरोपियों ने बटन चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली.
लूट के इरादे से पहुंचे थे आरोपी
मिली जानकारी के मुताबिक 23 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे सभी आरोपी नशे में थे. इनमें से कुछ लड़कों ने बिरयानी खाने की इच्छा जताई. जिसके बाद रुपये जुटाने के लिए वे लूटपाट की प्लान बनाकर निकले. एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल नम्बर CG04 M 3674 पर सवार होकर दो लड़के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंचे और उनके पीछे तीन अन्य लड़के भी वहां आ गए.
बस स्टैंड पर फल की दुकान के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक की आड़ में 35 से 40 साल का एक युवक नशे की हालत में सोया हुआ दिखा. आरोपियों ने उसकी जेब से रुपये और मोबाइल निकालने की कोशिश की. इसी दौरान वह जाग गया और विरोध करने लगा. तभी एक नाबालिग बालक ने अपने पास रखे बटन चाकू से व्यक्ति के सीने, भुजा, जांघ और पीठ पर कई वार कर दिया. हत्या के बाद आरोपी मृतक की जेब से मिले 700 रुपये आपस में बांटकर फरार हो गए.
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से खुला मामला
घटना की जानकारी 24 अक्टूबर की सुबह मिली. जब ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की खबर पुलिस को दी गई. पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया. मृतक के सीने और कंधे पर चोट के निशान थे. शिनाख्त न होने पर शव को मर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया गया. शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद जूटमिल थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई.
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह की टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज और मुखबिरों से मिली खबर के आधार पर पुलिस को 15-16 साल के संदेही लड़कों की गतिविधि का पता चला. इसके बाद पुलिस टीम ने मिट्ठूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई इलाके में दबिश देकर एक युवक और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और कबाड़ चोरी के अलावा नशे में रहने वाले लोगों, बुजुर्गों और रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड पर अकेले राहगीरों से लूटपाट करते थे.
रक्तरंजित कपड़े और चाकू बरामद, धारा 111 बीएनएस जोड़ी गई
जूटमिल पुलिस ने आरोपियों के बयान के आधार पर वारदात में इस्तेमाल बटन चाकू, वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है. आरोपियों द्वारा संगठित गिरोह बनाकर पूर्व में भी वारदातें करने और इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के चलते मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111 (संगठित अपराध) भी जोड़ी गई है.
पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर भेजने की वैधानिक कार्रवाई कर रही है. एसएसपी शशि मोहन सिंह ने 24 घंटे में हत्या का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को उचित इनाम और जांच में अहम सुराग देकर मदद करने वाले स्थानीय नागरिकों को सम्मानित करने की घोषणा की है. एसएसपी ने साफ किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



