दस लाख रुपये के लेनदेन में शराब में सुहागा मिलाकर पार्षद समेत दो लोगों की हत्या, आरोपी गिरफ्तार, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी कमलनाथ

Two people, including a municipal councillor, murdered after being served liquor laced with borax during a transaction involving one million rupees; the accused, Kamal Nath, has been arrested by the police.

दस लाख रुपये के लेनदेन में शराब में सुहागा मिलाकर पार्षद समेत दो लोगों की हत्या, आरोपी गिरफ्तार, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी कमलनाथ

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शराब पीने से दो लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में पामगढ़ पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. इस मामले में एक आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार किया है. जिसने उधार लिए 10 लाख रुपये वापस करने के दबाव से परेशान होकर शराब में सुहागा मिलाकर पिला दिया. इसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत, दो की मौत
मिली जानकारी के मुताबिक 23 अक्टूबर की रात ग्राम कुटराबोड़ हेलीपैड के पास स्थित एक चखना दुकान के नजदीक ग्राम पनगांव निवासी जोहित खरे और ग्राम नेवराबंद निवासी रामखिलावन जांगड़े की शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ गई थी. नाजुक हालत में दोनों को बिलासपुर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था. जहां 24 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. खबर मिलने पर पामगढ़ पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शवों का पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरु की.
10 लाख रुपये की उधारी बना विवाद की वजह
मृतक जोहित खरे की बेटी मनीषा खरे ने पुलिस को बताया कि राजा उर्फ कमलनाथ खरे ने करीब चार महीने पहले उनके पिता से घरेलू जरूरतों के लिए 10 लाख रुपये उधार लिए थे. आरोप है कि रकम लौटाने के लिए राजा ने 5.50 लाख और 6 लाख रुपये के दो चेक दिए थे. लेकिन बैंक में जमा करने पर दोनों चेक बाउंस हो गए. 23 अक्टूबर को जोहित खरे ने फोन पर राजा से पैसे वापस करने के बारे में पूछा था. इस पर राजा ने शाम को मिलने और रकम लौटाने की बात कही थी.
शराब में सुहागा मिलाकर पिलाने का आरोप
पुलिस ने जब राजा को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की. तो बताया कि उसने मुकेश कश्यप से इम्पीरियल ब्लू शराब के तीन क्वार्टर मंगवाए थे. इसके बाद राजा और मुकेश ने शराब पी. फिर राजा ने फोन कर जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े को कुटराबोड़ हेलीपैड के पास बुलाया.
दोनों के पहुंचने पर राजा ने मुकेश से छिपाकर अपने पास रखे सुहागा को शराब में मिलाया और वह क्वार्टर उन्हें पीने के लिए दिया. शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई. वहीं पुलिस की गाड़ी देखकर मुकेश कश्यप वहां से भाग गया.
पूछताछ में आरोपी ने बताई साजिश
पूछताछ के दौरान राजा खरे ने बताया कि ट्रेडिंग में नुकसान होने की वजह से वह आर्थिक परेशानी में था और जोहित खरे लगातार उधारी की रकम वापस मांग रहा था. इसी दबाव से परेशान होकर उसने जोहित खरे को जहर देकर मारने की प्लान बनाई थी.
घटनास्थल से सुहागा की पुड़िया जब्त
इसी प्लान के तहत उसने शराब में सुहागा मिलाया. जिसे जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े ने पी लिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की है.
आरोपी गिरफ्तार, मामले की जांच जारी
पामगढ़ पुलिस ने मनीषा खरे की लिखित शिकायत पर जुर्म दर्ज कर आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस द्वारा उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है. मामले में जब्त सामग्री और दुसरे सबूतों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb