जमीन बंटवारे के विवाद में भतीजे की हत्या, फूफा ने सिर-गर्दन पर कुल्हाड़ी से किया हमला, मौके पर मौत, फैली सनसनी, आरोपी केमनबोध गिरफ्तार
Nephew murdered in a dispute over land division; uncle-in-law attacked his head and neck with an axe, resulting in on-the-spot death. The incident has caused a stir; the accused, Kemanbodh, has been arrested.
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. यहां आरोपी 60 साल केमनबोध मांझी ने अपने ही रिश्तेदार की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. मृतक की पहचान संतोष प्रधान उम्र 30 साल के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त कर ली है. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. यह मामला तपकरा थाना क्षेत्र के जामबहार गांव की है.
जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी मनबोध मांझी पिछले करीब 20 साल से अपने ससुराल में घर जमाई के रूप में रह रहा था. मृतक संतोष प्रधान उसकी पत्नी के भाई का बेटा था. दोनों परिवारों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी बात को लेकर संतोष और मनबोध के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी. बताया जा रहा है कि 24 अक्टूबर 2026 की रात संतोष प्रधान अपने फूफा मनबोध मांझी के घर पहुंचा था। इस दौरान दोनों के बीच जमीन के हिस्से को लेकर बातचीत शुरू हुई. जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और संतोष पर हमला कर दिया.
सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से किए वार, मौके पर मौत
आरोपी मनबोध मांझी ने संतोष प्रधान के सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किए. हमले में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया और ज्यादा चोट लगने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. अचानक हुई इस वारदात से परिवार में मातम पसर गया. वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में भी सनसनी फैल गई. पारिवारिक जमीन विवाद में हुई इस हत्या ने पूरे गांव को हैरान कर दिया.
झगड़े की आवाज सुनकर पहुंची पत्नी, खून से लथपथ मिला पति
मृतक की पत्नी सुमित्रा प्रधान ने पुलिस को बताया कि घटना वाली रात उसका पति संतोष मनबोध मांझी के घर गया हुआ था. कुछ देर बाद वहां से झगड़े की आवाज सुनाई देने लगी. आवाज सुनकर वह फौरन मौके पर पहुंची. सुमित्रा ने घर के आंगन में अपने पति संतोष को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा. पति की ऐसी हालत देखकर वह हैरां रह गई. वारदात के बाद उसने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त
सुमित्रा प्रधान की शिकायत के आधार पर तपकरा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने वारदात से जुड़े सबूत जुटाए और आरोपी मनबोध मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जमीन बंटवारे को लेकर विवाद होने और इसी दौरान कुल्हाड़ी से हमला करने की बात बताई.
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है. जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



