बड़े ब्रांड की गुणवत्ता पर उठे सवाल: अमूल-गोवर्धन घी से लेकर रिलायंस के पोहा-चना तक मानकों पर नहीं उतरे खरे, लैब रिपोर्ट में खुलासा, सैंपल फेल
Questions raised over the quality of major brands: From Amul and Govardhan ghee to Reliance’s poha and chana, products fail to meet standards; lab reports reveal samples have failed.
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ में त्योहारों के मौसम में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच बिलासपुर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर अहम खबर सामने आई है. करीब एक महीने पहले 9 प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच में मानकों पर खरे नहीं उतरे. इनमें अमूल, गोवर्धन और वचन ब्रांड के घी के नमूनों के अलावा पनीर, दही, एग करी, चना और पोहा भी शामिल हैं. खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के मुताबिक इन नमूनों की जांच रायपुर की प्रयोगशाला में कराई गई थी.
अमूल, गोवर्धन और वचन घी के नमूने जांच में फेल
शौर्य सुपर मार्ट से लिए गए अमूल और गोवर्धन घी के नमूने जांच में फेल पाए गए. वहीं, देवरीखुर्द स्थित अपना मार्ट से लिए गए वचन ब्रांड के घी का नमूना भी निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा. इन रिपोर्टों के सामने आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि जांच में इन ब्रांडों के कुछ नमूने फेल होने का मतलब यह नहीं है कि इनके सभी उत्पादों की गुणवत्ता खराब है.
पनीर, दही और एग करी के नमूने भी फेल
प्रयोगशाला जांच में कई प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे. इनमें नेशनल डेयरी, एलिमेंटो कैफे, अमृतुल्य फूड एंड बेवरेजेज और सेलेस्टी रेस्टोरेंट का पनीर शामिल है. वहीं, अल-कार्टे के पनीर और दही और गरिमा फैमिली ढाबा की एग करी के नमूने भी जांच में फेल पाए गए. इसके अलावा, रिलायंस रिटेल के भाटापारा स्थित प्रतिष्ठान से लिए गए चने और लाल किला ब्रांड के पोहे के नमूने भी मानकों के अनुरुप नहीं मिले.
त्योहारों को देखते हुए खाद्य विभाग की जांच तेज
त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ जाती है. इसे देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने दुकानों और प्रतिष्ठानों में जांच की कार्रवाई तेज कर दी है. विभाग की टीम खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच करा रही है. ताकि मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री की बिक्री सुनिश्चित की जा सके.
मिठाई दुकानों से खोवा, कुंदा और काजू कतली के नमूने लिए
मंगलवार को निर्धारित अधिकारी आर.आर. देवांगन के मार्गदर्शन में खाद्य विभाग की टीम ने अलग-अलग मिठाई दुकानों से नमूने लिए. बस स्टैंड के पास स्थित सूर्या रॉयल स्वीट्स से खोवा, जूनाबिलासपुर के बजरंग प्रसाद भंडार से कुंदा और बेसन लड्डू तथा बजरंगबली स्वीट्स से काजू कतली का नमूना लिया गया. इस कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खिरसागर पटेल और प्रतीक तिवारी भी शामिल रहे. इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा.
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य विभाग के मुताबिक नए लिए गए नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद गुणवत्ता में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थ खरीदते समय उपभोक्ताओं को पैकेट पर निर्माण और एक्सपायरी की तारीख, सील और अन्य जरुरी जानकारी जांचनी चाहिए. किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर संदेह होने पर संबंधित खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत की जा सकती है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



