तहसीलदार की शर्मनाक करतूत!, पहले महिला को मृत दिखाया, फिर बेदखली की कार्रवाई के लिए मांगी रिश्वत, पीड़ित ने सौंपी कॉल रिकॉर्डिंग
Tehsildar's shameful act! First, a woman was declared dead, then a bribe was demanded for eviction proceedings; victim submitted a call recording.
सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भैयाथान में पदस्थ रहे तत्कालीन तहसीलदार संजय राठौर की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं. पहले एक जीवित महिला को मृत घोषित कर ज़मीन का नामांतरण कराने का मामला सामने आया था और अब एक और नया मामला उजागर हुआ है. दरअसल एक युवक ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराते हुए संजय राठौर पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है.
पीड़ित युवक सौरभ सिंह ने बताया कि उसकी मां मंजू सिंह ने ओड़गी तहसील के इंद्रपुर गांव में एक एकड़ ज़मीन खरीदी थी. ज़मीन की रजिस्ट्री के बाद विक्रेता महिला ने कुछ दिनों बाद दोबारा बेची गई ज़मीन पर कब्ज़ा कर लिया. जिसके बाद मामला तहसील कार्यालय पहुंचा.
युवक का आरोप है कि विवाद निपटाने और बेदखली की कार्रवाई के बजाय तत्कालीन तहसीलदार संजय राठौर ने रिश्वत की माँग की. करीब तीन साल तक पीड़ित बेदखली के आदेश के लिए चक्कर लगाता रहा. इस दौरान युवक ने करीब 80 हज़ार रुपए संजय राठौर को दे भी दिए थे. हालाँकि इस दौरान तहसीलदार संजय राठौर एक अलग मामले में फँसे और उनका निलंबन हो गया है. जिसके बाद शिवनारायण राठिया भैयाथान तहसीलदार बने.
पीड़ित युवक का आरोप है कि जब वह पेशी पर गया तो वहां गार्ड द्वारा एक लाख रुपए की मांग की गई यह कहते हुए कि संजय राठौर से आपकी बात हुई थी. युवक ने पैसे देने से इंकार कर दिया. जिसके बाद उसका केस ख़ारिज कर दिया गया.
पीड़ित सौरभ ने इस बारे में जनदर्शन में एक पेन ड्राइव भी सौंपी है. जिसमें तत्कालीन तहसीलदार के साथ कथित पैसों के लेन-देन की बातचीत रिकॉर्ड बताई जा रही है. हांलाकि ताजा खबर इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है. फिलहाल संजय राठौर की पोस्टिंग कोरिया ज़िले में है.
अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सरगुजा संभाग से जुड़ा है. इसलिए कमिश्नर सरगुजा को जांच के लिए पत्र भेजा जाएगा. इस नए खुलासे के बाद तहसीलदार संजय राठौर पर पहले से चल रहे मामलों के साथ एक और गंभीर आरोप जुड़ गया है. अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



