जेल भेजने की धमकी देकर युवक से कराया ऑनलाइन पांच हजार ट्रांसफर, पुलिस के आरक्षक पर लगा वसूली का गंभीर आरोप, एसपी ने दिए जांच के आदेश
A police constable faces serious allegations of extortion after allegedly forcing a young man to transfer ₹5,000 online by threatening to send him to jail; the Superintendent of Police (SP) has ordered an inquiry.
कोरबा : ट्रैक्टर में बांस की बल्ली लेकर जा रहे युवक को रोककर खुद को पुलिस कर्मी बताने और जेल भेजने की धमकी देकर पांच हजार रुपये वसूलने का मामला सामने आया है. आरोप है कि सिविल ड्रेस में आए दो लोगों ने युवक को बिना परमिट बांस ले जाने के मामले में कार्रवाई का डर दिखाया और उससे आनलाइन पांच हजार रुपये अपने खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए. पीड़ित ने मामले की शिकायत कोरबा एसपी से की है. शिकायत में रजगामार चौकी में पदस्थ एक आरक्षक पर भी आरोप लगाया गया है. यह मामला बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी का है.
मिली जानकारी के मुताबिक गोढ़ी निवासी योगेंद्र कुमार ने शिकायत में कहा है कि वह ट्रैक्टर में बांस की बल्ली लेकर जा रहा था. इसी दौरान सिविल ड्रेस में दो लोगों ने उसका ट्रैक्टर रुकवाया. दोनों ने खुद को रजगामार चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मी बताया. उन्होंने युवक से बांस ले जाने का परमिट मांगा और परमिट नहीं होने पर जेल भेजने की धमकी दी. इसके बाद उससे रुपये की मांग की गई.
युवक का आरोप है कि कार्रवाई और जेल भेजने की धमकी से वह डर गया. इसके बाद उसने ऑनलाइन पांच हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए. रुपये मिलने के बाद उसे जाने दिया गया. घटना के बाद योगेंद्र कुमार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि रजगामार चौकी में पदस्थ आरक्षक के खिलाफ वसूली की शिकायत एसपी कार्यालय में मिली है. एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



