दीवार तोड़कर सराफा दुकान में चोरी, 72 घंटे में रायपुर पुलिस ने किया खुलासा, 2 महिलाओं समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, मर्डर कर चुके युवक ने बनाया प्लान

Theft at a jewelry shop via a breached wall; Raipur Police solve the case within 72 hours; 5 accused arrested, including 2 women; plot hatched by a youth with a prior murder conviction.

दीवार तोड़कर सराफा दुकान में चोरी, 72 घंटे में रायपुर पुलिस ने किया खुलासा, 2 महिलाओं समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, मर्डर कर चुके युवक ने बनाया प्लान

रायपुर : रायपुर शहर में टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा स्थित श्री गुरू ज्वेलर्स में दीवार तोड़कर हुई चोरी का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 7.50 लाख रुपए कीमत की मशरूका बरामद की गई है. इसमें करीब दो किलो चांदी के जेवरात, एक सोने का लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं.
दीवार तोड़कर दुकान में घुसे थे आरोपी
मिली जानकारी के मुताबिक रावतपुरा कॉलोनी फेस-2, मठपुरैना में निमाई डोन्डा की श्री गुरू ज्वेलर्स नाम से दुकान है. 10 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे दुकान में चोरी होने की जानकारी मिली. दुकान पहुंचने पर संचालक ने देखा कि एक दीवार टूटी हुई थी और दुकान के अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे. शिकायत पर टिकरापारा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
हजारों CCTV फुटेज खंगाले
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए 10 से ज्यादा टीमें लगाईं। टीमों ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ दुकान संचालक और आसपास के लोगों से पूछताछ की. इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले गए.
संदिग्ध लोगों और वाहनों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया गया. आरोपियों के संभावित आने-जाने के रास्तों की भी जानकारी जुटाई गई. पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पुराने चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों और हाल ही में जेल से बाहर आए आरोपियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी.
आकांक्षा से पूछताछ में खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को पुरानी बस्ती निवासी आकांक्षा सोनी के बारे में अहम सुराग मिला. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने शुरुआत में चोरी में शामिल होने से इंकार किया और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. हालांकि पुलिस के पास मौजूद तकनीकी सबूतों के आधार पर पूछताछ किए जाने पर उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया.
आकांक्षा से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उषा उर्फ सपना खुंटे, लोकेश राव उर्फ विकास, एम. मोहन राव उर्फ मोनी और मिराज आलम को भी गिरफ्तार कर लिया.
दो आरोपियों ने बनाई थी चोरी की प्लान
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि वारदात की प्लान लोकेश राव उर्फ विकास और एम. मोहन राव ने बनाई थी. दोनों ने पहले श्री गुरू ज्वेलर्स की रेकी की और दुकान को निशाना बनाने की प्लान तैयार की. इसके बाद लोकेश की पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे, आकांक्षा सोनी और मिराज आलम को भी प्लान में शामिल किया गया.
वारदात के दौरान एम. मोहन राव और मिराज आलम दुकान के अंदर दाखिल हुए और दीवार तोड़कर जेवरात चोरी किए. वहीं लोकेश राव दुकान से कुछ दूरी पर निगरानी करता रहा. चोरी के बाद आरोपियों ने जेवरात आपस में बांट लिया.
मोहन राव के खिलाफ पहले से 5 मामले
पुलिस जांच में आरोपी एम. मोहन राव उर्फ मोनी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. उसके खिलाफ जीआरपी दुर्ग में हत्या के चार मामलों और चोरी के एक मामले समेत कुल पांच मामले दर्ज हैं. पुलिस के मुताबिक हत्या के एक मामले में वह अदालत से 10 साल की सजा भी काट चुका है.
वहीं लोकेश राव उर्फ विकास के खिलाफ दुर्ग जिले के भट्ठी और भिलाई थानों में NDPS एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं. उसकी पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे भी टिकरापारा थाने के एक पुराने मामले में जेल जा चुकी है.
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 7.50 लाख रुपए का माल बरामद किया है. बरामदगी में - करीब 2 किलोग्राम चांदी के जेवरात
- एक सोने का लॉकेट
- वारदात में इस्तेमाल दो दोपहिया वाहन
- पांच मोबाइल फोन शामिल हैं.
गिरफ्तार आरोपियों में लोकेश राव उर्फ विकास (35), एम. मोहन राव उर्फ मोनी (39), मिराज आलम (29), उषा उर्फ सपना खुंटे (32) और आकांक्षा सोनी (26) शामिल हैं. पुलिस अब मामले में आरोपियों से आगे की पूछताछ और अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही है.
आरोपी
मास्टर माइंड लोकेश राव उर्फ विकास पिता सत्यनारायण राव उम्र 35 साल निवासी रावतपुरा फेस-02 काव्या जनरल स्टोर के पास थाना टिकरापारा रायपुर
उषा उर्फ सपना खुंटे पति लोकेश राव उर्फ विकास उम्र 32 साल निवासी रावतपुरा फेस-02 काव्या जनरल स्टोर के पास थाना टिकरापारा रायपुर
एम मोहन राव उर्फ मोनी पिता एम ईश्वर राव उम्र 39 साल निवासी सेक्टर 9 मकान नंबर बी के डी – 28 थाना सेक्टर 6 भिलाई जिला दुर्ग
मिराज आलम पिता मोहन आलम उम्र 29 साल निवासी खुर्सीपार सेक्टर-11 गौतम नगर थाना खुर्सीपार भिलाई, जिला दुर्ग
आकांक्षा सोनी पति फलेन्द्र सोनी उम्र 26 साल निवासी ग्राम बेलर अमलीपारा थाना सिहावा जिला धमतरी। हाल पता- प्रोफेसर कालोनी सेक्टर – 01 समेरूमठ के सामने थाना पुरानी बस्ती रायपुर
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?