डीजे पर डांस करते भिड़े युवकों के दो गुट, होली पर तनाव का माहौल, मौके पर पहुंची पुलिस बल ने संभाला मोर्चा, नशा बनी विवाद की वजह?
Two groups of youths clashed while dancing on DJ, atmosphere of tension on Holi, police force reached the spot and took charge, was intoxication the reason for the dispute?
रामानुजगंज : होली के रंग और उत्साह के बीच रामानुजगंज नगर के लरंगसाय चौक पर उस समय तनाव के हालात बन गए. जब डीजे पर डांस कर रहे युवकों के दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी ने उग्र रुप ले लिया. हालांकि समय रहते पुलिस की तत्परता और समझाइश से हालात पर काबू पा लिया गया
मिली जानकारी के मुताबिक होली के मौकेपर लरंगसाय चौक पर स्थानीय युवकों द्वारा डीजे कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. रंग-गुलाल उड़ाते हुए और तेज संगीत की धुन पर बड़ी तादाद में युवक डांस कर रहे थे. आसपास के लोग भी कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे. इसी दौरान दूसरे मोहल्ले से कुछ युवक वहां पहुंचे और डांस में शामिल हो गए. शुरुआत में माहौल सामान्य रहा. लेकिन कुछ देर बाद किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस छिड़ गई.
चश्मदीदों के मुताबिक डांस के दौरान धक्का-मुक्की को लेकर तू-तू मैं-मैं शुरु हुई. जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई. मौके पर मौजूद युवकों की भीड़ बढ़ने लगी और कुछ लोग उत्तेजित होकर एक-दूसरे को धक्का देने लगे. हालात बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को खबर दी. खबर मिलने के बाद यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया. प्रारंभिक स्तर पर पुलिसकर्मियों ने समझाइश देकर मामला शांत कराने की कोशिश की. लेकिन भीड़ ज्यादा होने और माहौल गरम होने के कारण हालात फौरन कंट्रोल नहीं हो सकी. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया.
बड़ी तादाद में जवानों के पहुंचने के बाद भीड़ को कंट्रोल किया गया और दोनों गुटों को अलग-अलग कर समझाइश दी गई. उन्होंने युवकों को सख्त चेतावनी दी कि दोबारा ऐसी स्थिति बनने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. करीब एक घंटे की मशक्कत और समझाइश के बाद माहौल पूरी तरह शांत हो गया.
घटना के बाद चौक क्षेत्र में अतिरिक्त गश्त बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो. पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील किया कि पर्व-त्योहार के दौरान संयम और भाईचारे की भावना बनाए रखें और किसी भी विवाद की स्थिति में खुद कानून हाथ में लेने के बजाय फौरन पुलिस को खबर दें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



