रायपुर में सोलर पैनल लगा रहे मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 2 टेक्नीशियन को लगा करंट, जांच में जुटी पुलिस

Two technicians installing solar panels in Raipur died tragically on the spot after coming into contact with a high-tension power line; police have launched an investigation.

रायपुर में सोलर पैनल लगा रहे मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 2 टेक्नीशियन को लगा करंट, जांच में जुटी पुलिस

रायपुर : राजधानी के प्रोफेसर कॉलोनी इलाके में शनिवार को सोलर पैनल लगाते समय दर्दनाक हादसा हो गया. एक मकान की छत पर काम कर रहे दो मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक तीन मजदूर प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम कर रहे थे. इसी दौरान पैनल या उसे उठाने के दौरान इस्तेमाल किया जा रहा उपकरण पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया. तेज करंट लगते ही दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए. मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की. लेकिन दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. तीसरा मजदूर बाल-बाल बच गया.
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. खबर मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर दी. मृतकों का नाम पुलिस द्वारा प्रमोद चंद्राकर उम्र 25 साल  और आशीष चंद्राकर उम्र 19 साल बताया जा रहा है. हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया.
 हादसे के चश्मदीदों और तीसरे मजदूर से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और हाईटेंशन लाइन के पास काम करने के लिए आवश्यक सावधानियां बरती गई थीं या नहीं.
शुरुआती जांच में हादसा करंट लगने से होना सामने आया है. पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और सभी पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?