ग्रामीणों की जेब पर डाका पड़ा भारी, घर में खड़ी गाड़ियों के कटे चालान, विजय केशरवानी के दबाव में RTO ने बायपास का कैमरा किया बंद
Villagers were robbed of their pockets, challans were issued for vehicles parked at home, and under pressure from Vijay Kesharwani, the RTO shut down the bypass camera.
बिलासपुर : मोपका-सेंदरी बायपास पर ई-चालान के नाम पर चल रही कथित मनमानी आखिरकार थम गई. जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय केशरवानी की सख्त पहल और आंदोलन की चेतावनी के बाद क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) ने बायपास पर लगे ट्रैफिक कैमरे को बंद कर दिया है. इस फैसले से लंबे समय से परेशान ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है.
दरअसल मोपका–सेंदरी बायपास की हालत बदतर होने के बावजूद यहां कैमरे लगाकर ग्रामीण इलाकों से आने-जाने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के हजारों रुपये के ई-चालान काटे जा रहे थे. कई मामलों में वाहन सवारों को पोस्ट के जरिए चालान की कॉपी भेजी गई, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी थी.
ग्रामीणों की शिकायतों को सामने लाते हुए विजय केशरवानी ने RTO को पत्र लिखकर साफ कहा था कि जब तक सड़क का निर्माण पूरा नहीं होता. तब तक कैमरे बंद रखे जाएं। साथ ही चेतावनी दी थी कि अगर कैमरे बंद नहीं किए गए तो कांग्रेस ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरेगी.
विजय केशरवानी के पत्र और दबाव के बाद परिवहन विभाग हरकत में आया. RTO ने परिवहन आयुक्त से मार्गदर्शन मांगा. जिसके बाद परिवहन आयुक्त के निर्देश पर कैमरे को बंद कर दिया गया. इसकी लिखित सूचना RTO ने विजय केशरवानी को पत्र के जरिए दी है.
मामला यहीं नहीं रुका. विजय के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने RTO से मुलाकात कर मांग रखी कि अब तक जिन ग्रामीणों पर भारी-भरकम पेनाल्टी लगाई गई है. उसे माफ किया जाए. विजय ने यह सवाल भी उठाया कि कई लोगों को तो घर में खड़ी गाड़ियों का भी चालान भेज दिया गया. जिससे वे मानसिक प्रताड़ना झेलने को मजबूर हुए.
विजय केशरवानी ने कहा कि ग्रामीण अक्सर आपसी मदद के तहत एक-दूसरे को बाइक में बैठा लेते हैं. इसे अपराध की तरह दिखाकर ई-चालान के जरिए वसूली करना सरासर गलत है. उन्होंने आरोप लगाया कि खस्ताहाल सड़कों पर सुधार करने के बजाय विभाग ने चालान काटकर ग्रामीणों की जेब पर डाका डालने का काम किया.
उन्होंने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मोपका-सेंदरी बायपास की हालत बेहद खराब है और हादसों का खतरा बना रहता है. ऐसे हालात में चालान काटना अन्याय है. कांग्रेस आम लोगों के साथ खड़ी है और जरुरत पड़ी तो सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक संघर्ष करेगी.
प्रतिनिधिमंडल में बेलतरा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुके विजय केशरवानी के साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनंजय सिंह ठाकुर, कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष अनिल यादव, पार्षद सुनील सोनकर, मोहन श्रीवास, पूर्व पार्षद मनीष गढ़ेवाल, रामप्रकाश साहू सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे.
यह पूरा घटनाक्रम बताता है कि जन दबाव और राजनीतिक हस्तक्षेप के आगे आखिरकार प्रशासन को झुकना पड़ा. लेकिन अब भी बड़ा सवाल यही है—क्या पहले से काटे गए चालानों पर ग्रामीणों को राहत मिलेगी या नहीं?
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



