महिला की संदिग्ध मौत का खुलासा, घरेलू विवाद के चलते बेरहमी से पिटाई कर पत्नी की हत्या, आरोपी पति नैहर साय को गिरफ्तार
Woman's suspicious death revealed, wife brutally beaten to death due to domestic dispute, accused husband Naihar Say arrested
रायगढ़ : रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र से सामने आई महिला की संदिग्ध मौत की गुत्थी को सुलझाते हुए कापू पुलिस ने महिला के पति नैहर साय मांझी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि घरेलू विवाद के चलते आरोपी ने लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पिटाई की थी. जिसके चलते पत्नी की मौत हो गई थी.
मिली जानकारी के मुताबिक 16 अप्रैल को थाना पत्थलगांव, जिला जशपुरनगर से मृतका सुरिता बाई पति नैहर साय उम्र 28 साल निवासी रुवाफुल, की मर्ग डायरी अग्रिम जांच के लिए थाना कापू को सौंपा गया। कापू थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित बंजारे ने मर्ग क्रमांक 12/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की. जांच में सामने आया कि 25 मार्च की रात घरेलू विवाद के चलते आरोपी नैहर साय ने पत्नी सुरिता की लकड़ी के डंडे से पिटाई की. जिससे उसके दोनों पैर, जांघ, हाथ और सीने में गंभीर चोटें आईं. दोनों पैर फैक्चर हो गए थे और वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गई थी.
मायके पक्ष को घटना की जानकारी मिलने पर वे 27 मार्च को गांव पहुंचे और सुरिता को पत्थलगांव के सरकारी अस्पताल ले गए. हालत नाजुक होने की वजह से उसे श्री ए.जी. अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान 29 मार्च को उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी नैहर साय के खिलाफ हत्या का जुर्म प्रमाणित पाया गया और अपराध क्रमांक 65/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लुक-छिप रहे आरोपी नैहर साय मांझी उम्र 30 साल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। जिसके आधार पर वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा और दुसरे सबूत बरामद किए गए. आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया.
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देशन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन पर इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी रोहित बंजारे के साथ प्रधान आरक्षक हेमंत चन्द्रा, जयशरण चंद्रा, आरक्षक विभूती सिंह, इलियाजार टोप्पो, कन्हैया भगत, प्रीतम तिर्की, मनोज जोल्हे और सत्या यादव की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



