महतारी वंदन योजना की 21वीं किश्त जारी, राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा, उपराष्ट्रपति ने किया सम्मानित, नवा रायपुर में हुआ एयर शो
21st installment of Mahatari Vandan Yojana released, State Decoration Awards announced, Vice President felicitates, Air Show held in Naya Raipur
महतारी वंदन योजना की 21वीं किश्त जारी
राजनांदगांव : उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के हाथों छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना की लाभार्थी 69 लाख से ज्यादा महिलाओं को 21वीं किश्त के रुप में 647 करोड़ 28 लाख 36 हजार 500 रूपए की राशि जारी कर दी गई. लाभार्थी महिलाओं में 7658 महिलाएं बस्तर संभाग के उन गांवों की है. जो छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बीते 22 महीनों में संचालित माओवाद उन्मूलन अभियान के चलते माओवाद के प्रभाव से मुक्त हुए हैं. इन महिलाओं को पहली बार इस योजना का लाभ मिला.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t
राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा, उपराष्ट्रपति ने किया सम्मानित
रायपुर : उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को राजभवन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. उनके साथ राज्यपाल रमेन डेका भी थे. उपराष्ट्रपति ने राज्य महोत्सव के समापन समारोह में पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया.
इस साल कुल 34 अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा की गई और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए 40 लोगों को सम्मानित किया गया.
रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर नवा रायपुर में भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम ने आसमान में रोमांचक करतब दिखाया. सेंध तालाब के ऊपर हुए एयर शो में 9 हॉक एमके-132 फाइटर जेट्स ने एक साथ उड़ान भरते हुए ‘तिरंगा’, ‘हार्ट इन द स्काई’ और ‘एरोहेड’ जैसे शानदार फॉर्मेशन पेश किया.
ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी ने सूर्यकिरण टीम का नेतृत्व किया. जबकि स्क्वॉड्रन लीडर गौरव पटेल, जो छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं, टीम का हिस्सा रहे. गौरव ने कहा कि यह शो उनके लिए बेहद खास रहा. वहीं फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू ने कमेंट्री की जिम्मेदारी संभाली और दर्शकों को हर करतब की जानकारी दी.
शो शुरु होने से पहले तेलीबांधा से सेंध लेक तक करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था. आम लोगों के साथ वीआईपी वाहन भी जाम में फंसे रहे. जबकि एयरपोर्ट से सत्य साई हॉस्पिटल तक वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही. फाइटर जेट्स के रोमांचक नजारों को लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया. आसमान में उड़ते विमानों की गूंज और करतबों को देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे. कई लोगों ने इन शानदार क्षणों को वीडियो और तस्वीरों के रुप में सोशल मीडिया पर साझा किया.
रायपुर में चल रहे छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 के दौरान सिटी बसों और इलेक्ट्रिक ऑटो (ईवी) के संचालन पर रोक से आगंतुकों को आवागमन में कठिनाई हुई. मेला स्थल तक कोई सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध न होने से कई लोगों को 2 से 3 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा.
जिला प्रशासन ने पहले घोषणा की थी कि राज्योत्सव के लिए सिटी बसों और 100 इलेक्ट्रॉनिक ऑटो का संचालन किया जाएगा. लेकिन कार्यक्रम के दौरान यह सेवा निलंबित कर दी गई. इससे मेला स्थल तक पहुंचने वाले लोगों की तादाद में कमी दर्ज की जा रही है.
प्रशासन के मुताबिक यात्री बसों का रूट शदाणी दरबार से आगे एक्सप्रेसवे सिग्नल से बायपास रोड की ओर डायवर्ट किया गया. शाम के समय माना बस्ती से आगे का क्षेत्र तकरीबन खाली दिखाई दे रहा है.
नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव स्थल शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित है. अभनपुर, धमतरी, बालोद और दुर्ग से आने वाले वाहनों के लिए बकतरा, केन्द्री, बेन्द्री मोड़ और निमोरा क्षेत्र में पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं. वहां से आगंतुकों को मेला परिसर तक पैदल जाना पड़ रहा है.
रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह ने कहा कि राज्योत्सव में आने वाले लोगों के लिए सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है. उन्होंने कहा, “लोगों की सुविधा को देखते हुए ऑटो संचालन फिर से शुरु करने पर विचार किया जाएगा.”
अधिकारियों ने बताया कि व्यवस्था की समीक्षा के बाद परिवहन सेवाओं को आंशिक रुप से बहाल करने की संभावना पर फैसला लिया जा सकता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



