तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान भालू का जानलेवा हमला, 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी, साथियों की सूझबूझ से बची जान
A 60-year-old woman was seriously injured in a bear attack while collecting tendu leaves. She was hospitalized and undergoing treatment. A companion's presence of mind saved her life.
मरवाही : मरवाही वन मंडल के अंतर्गत आने वाले सिवनी परिक्षेत्र में वन्यजीवों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. सुबह तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए जंगल गई एक बुजुर्ग महिला पर जंगली भालू ने अचानक हमला कर दिया. इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के मताबिक ग्राम धरहर निवासी मनकी बाई प्रजापति उम्र 60 साल पति महाराजी लाल, शनिवार सुबह अन्य महिलाओं के साथ समीपस्थ जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं. इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया. भालू के हमले से मनकी बाई के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं.
साथियों की सूझबूझ से बची जान
हादसे के वक्त मौजूद अन्य महिलाओं ने साहस का परिचय देते हुए शोर मचाना शुरू किया. सामूहिक शोर सुनकर भालू महिला को छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया. फौरन घटना की खबर ‘डायल 108’ को दी गई.
त्वरित चिकित्सा सहायता
खबर मिलते ही आपातकालीन सेवा के ईएमटी गणेश्वर प्रसाद और पायलट दयाशंकर मौके पर पहुंचे. डॉ. हिमांशु नहरेल के दूरभाषीय मार्गदर्शन में स्टाफ ने मौके पर ही जीवन रक्षक दवाइयों और प्राथमिक उपचार की सहायता से महिला की हालत को स्थिर किया. इसके बाद घायल महिला को फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही में भर्ती कराया गया. जहाँ उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के मुताबिक फिलहाल महिला की हालत सामान्य बनी हुई है.
वन विभाग की जिम्मेदारी
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत रिहायशी इलाकों के पास वन्यजीवों की सक्रियता पर निगरानी रखना वन विभाग की जिम्मेदारी है. ग्रामीणों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है.
मुआवजा प्रक्रिया
नियमानुसार, वन्यप्राणी हमले में घायल व्यक्ति को वन विभाग द्वारा तत्कालिक सहायता और इलाज के खर्च के लिए उचित मुआवजे का प्रावधान है. परिजनों को इस बारे में वन विभाग के उच्च अधिकारियों को खबर करना चाहिए.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



