खेत में काम करते किसान की करंट की चपेट में आने से मौत, धनिया की फसल की सुरक्षा के लिए लगाया तार, पैर में गंभीर चोट
A farmer died due to electric shock while working in the field. Wire installed to protect the coriander crop, severe injury to the leg
खैरागढ़ : करंट की चपेट में आने से खैरागढ़ और सारंगढ़ क्षेत्र में दो लोगों की मौत हो गई. इस घटना के लिए ग्रामीणों ने बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है. खैरागढ़ क्षेत्र के ग्राम टेकाडीह में करंट से 28 साल के किसान खेमचंद जोशी की मौत हुई. यह हृदयविदारक हादसा विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण हुआ. जिसने न सिर्फ एक परिवार का सहारा छीन लिया. बल्कि विभागीय कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक खेमचंद अपने पिता के साथ खेत में धान की
बुआई कर रहा था. इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजरी मुख्य विद्युत लाइन का एक जर्जर तार टूटकर नीचे गिर गया. जो खेत में पहले से फैले झटका तार के संपर्क में आ गया. इसके चलते पूरे खेत में करंट फैल गया. काम करते समय खेमचंद का हाथ झटका तार से छू गया और वह जोरदार करंट की चपेट में आ गया. परिजन उसे खैरागढ़ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक किसान अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है. हादसे के बाद गांव में मातम और गुस्से का माहौल है.
ग्रामीणों का आरोप है कि खेत के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन लंबे समय से जर्जर हालत में थी. इस बारे में कई बार विभाग को शिकायत की गई. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. घटना वाले दिन सुबह तार टूटने की खबर करीब डेढ़ घंटे पहले विभाग के लाइनमैन नंदू को दी गई थी. लेकिन पावर सप्लाई बंद नहीं की गई. ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते करंट बंद कर दिया जाता तो यह जानलेवा हादसा टल सकता था. हादसे के बाद बड़ी तादाद में ग्रामीण खैरागढ़ थाना पहुंचे और दोषी लाइनमैन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने लाइनमैन नंदू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. और मामले की जांच कर रही है. ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, सरकारी सहायता और दोषी कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
विद्युत विभाग ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि मामले की जांच जारी है. लापरवाही सामने आने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया है कि निष्पक्ष जांच की जाएगी और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाया जाएगा. यह हादसा न सिर्फ बिजली विभाग की लापरवाह कार्यप्रणाली को उजागर करती है. बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुरक्षा मानकों की अनदेखी का गंभीर उदाहरण भी बनकर सामने आई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



