महानदी नहर में नहाने गए 10 दोस्तों में एक नाबालिग की डूबने से मौत, 20 घंटे बाद गोताखोरों की मदद से नाबालिग का शव बरामद, इलाके में शोक का माहौल
A minor among 10 friends who went to bathe in the Mahanadi canal drowned. The body was recovered 20 hours later by divers, leaving the area in mourning.
धमतरी : धमतरी जिले में रुद्री थाना क्षेत्र अंतर्गत रुद्री बैराज के पास महानदी मुख्य नहर में नहाने के दौरान डूबे एक नाबालिग का शव करीब 20 घंटे बाद बरामद किया गया है. शव नवनिर्मित पुल के नीचे फंसा हुआ मिला. जिसे गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया.
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी समीर हसन उम्र 16 साल अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ नहर में नहाने गया था. नहर पार करते समय तीन दोस्त तेज बहाव में बहने लगे. जिनमें से दो किसी तरह बाहर निकल आए. लेकिन समीर पानी के तेज बहाव में बह गया.
हादसे के बाद पुलिस को खबर दी गई और रेस्क्यू टीम के साथ गोताखोरों ने उसकी तलाश शुरू की. कई घंटों तक कोशिश के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका. शनिवार को जब नहर में पानी का स्तर थोड़ा कम हुआ और बहाव धीमा पड़ा. तब उसका शव नवनिर्मित पुल के नीचे फंसा हुआ दिखाई दिया. इसके बाद गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और वरदान एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल के मरचूरी में शिफ्ट कराया गया. पुलिस ने परिजनों को खबर दे दी है और मामले में पंचनामा कार्रवाई कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रुद्री बैराज के पास नहर में नहाते समय एक बच्चा बह गया था. जिसका शव बरामद कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि शव पुलिस लाइन के पीछे नहर के एक कनाल के नीचे फंसा मिला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने नहर और बैराज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेत बढ़ाने की मांग किया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. गौरतलब है कि 8 अप्रैल को भी धमतरी में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो चुकी है.लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने प्रशासन और आमजन दोनों की चिंता बढ़ा दी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



