साकरा पेट्रोल पंप में देर रात युवकों का हंगामा और मारपीट, कर्मचारी के सिर पर आए सात टांके, आरोपी फरार, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
A riot broke out at a Sakra petrol pump late at night, resulting in an employee receiving seven stitches on his head. The accused are absconding and the police are searching for the accused.
धमतरी/नगरी : धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत साकरा स्थित पेट्रोल पंप पर आधी रात कुछ युवकों द्वारा हंगामा और मारपीट की घटना सामने आई है. आरोप है कि वाहन में सवार युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट की. जिससे कर्मचारी गंभीर रुप से घायल हो गया. वारदात के बाद घायल कर्मचारी ने सिहावा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
मिली जानकारी के मुताबिक नगरी ब्लॉक के साकरा गांव में स्थित मंशाराम फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर देर रात एक वाहन में सवार करीब छह से सात युवक पहुंचे. युवकों ने पहले अपने वाहन में डीजल फुल कराने की बात कही. इसी दौरान उनमें से एक युवक अचानक कर्मचारी के हाथ से डीजल नोजल छीनकर इधर-उधर डीजल फेंकने लगा. कर्मचारी द्वारा इसका विरोध किए जाने पर युवक भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए कर्मचारी के साथ मारपीट करने लगे. मारपीट के दौरान कर्मचारी के सिर पर गंभीर चोट लगी.
वारदात के बाद घायल कर्मचारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर सात टांके लगाए. बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप परिसर में जिस तरह से डीजल फैलाया गया. उससे बड़ा हादसा होने की भी आशंका बन गई थी.
पेट्रोल पंप के आसपास आवासीय मकान भी स्थित हैं. ऐसे में अगर किसी तरह की चिंगारी या आग लग जाती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी और आसपास के घरों तक इसका असर पहुंच सकता था. वारदात के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी ने सुबह सिहावा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित कर्मचारी ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



