शादी का दबाव बनाने पहुंचे एकतरफा प्यार में सिरफिरे युवक ने लड़की के पिता पर चलाई गोली, बाल-बाल बची जान, आरोपी पिस्टल सहित गिरफ्तार

A young man, driven by one-sided love, shot the girl's father, who had come to press for marriage, narrowly escaping death. The accused was arrested with a pistol.

शादी का दबाव बनाने पहुंचे एकतरफा प्यार में सिरफिरे युवक ने लड़की के पिता पर चलाई गोली, बाल-बाल बची जान, आरोपी पिस्टल सहित गिरफ्तार

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एकतरफा प्रेम का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरे युवक ने नाबालिग युवती के पिता पर गोली चला दी. गनीमत रही कि इस हमले में युवती के पिता बाल-बाल बच गए. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया. यह मामला बालको थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम दोनदारों के आश्रित ग्राम संगम नगर में रहने वाले लखन साहू की नाबालिग बेटी के पीछे बालको नगर के इंदिरा नगर निवासी साहिल मसीह उम्र 22 साल लंबे समय से पड़ा था. परिजनों का आरोप है कि युवक युवती से एकतरफा प्यार करता था और लगातार उसका पीछा करता था. रास्ते में आते-जाते युवती को परेशान करना, बातचीत के लिए दबाव बनाना और डराने-धमकाने जैसी हरकतों से परिवार लंबे समय से परेशान था.
परिवार ने बताया कि साहिल मसीह की हरकतों से परेशान होकर युवती के पिता ने कई बार बालको थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. बावजूद इसके आरोपी युवक अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहा था. बताया जा रहा है कि शिकायतों के चलते युवक युवती के पिता से रंजिश रखने लगा था और इसी आक्रोश में उसने गुरुवार को यह खौफनाक कदम उठाया.
चश्मदीदों के मुताबिक आरोपी साहिल मसीह ने मौका पाकर युवती के पिता पर बंदूक से गोली चला दी. गोली निशाने से चूक गई. जिससे बड़ी अनहोनी टल गई. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इस वारदात की खबर फौरन पुलिस को दी गई. बालको थाना पुलिस ने आरोपी साहिल मसीह को बंदूक सहित गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है. उसके पास से बरामद हथियार को जब्त कर लिया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हथियार वैध है या अवैध.. साथ ही घटना के पीछे के कारणों और अन्य पहलुओं की भी विस्तृत जांच की जा रही है.
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में कानून के मुताबिक सख्त कदम उठाए जाएंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB