रायपुर में युवक की संदिग्ध हालत में मिली लाश, शव पर गंभीर चोटों के निशान, इलाके में फैली सनसनी, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
A young man's body was found in Raipur under suspicious circumstances, with serious injuries on the body, causing a sensation in the area, suspicion of murder, and police investigating.
रायपुर : विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामा वर्ल्ड इलाके में एक युवक की संदिग्ध हालत में क्षत-विक्षत लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान शुभम राणा, निवासी देवघर, झारखंड के रुप में हुई है. शुभम रायपुर में रहकर स्वर्णभूमि क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में कारपेंटरी (बढ़ईगिरी) का काम करता था. और वहीं अन्य मजदूर साथियों के साथ रहता था.
मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात करीब 11 बजे शुभम अपने कमरे से अचानक गायब हो गया था. रात में उसके साथियों ने सोचा कि वह किसी काम से बाहर गया होगा. लेकिन देर रात तक उसके वापस न लौटने पर भी किसी को अनहोनी की आशंका नहीं हुई.
सुबह जब उसके साथी उठे तो उन्होंने पास ही स्थित रामा वर्ल्ड इलाके में एक युवक की क्षत-विक्षत हालत में लाश देखी. पास जाकर देखने पर पता चला कि वह शुभम राणा ही है. घटना की खबर मिलते ही विसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
प्रारंभिक तौर पर शव की हालत को देखते हुए मामला पूरी तरह संदिग्ध मालूम हो रहा है. शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं. जिससे हादसे की बजाय किसी साजिश या हिंसक वारदात की आशंका जताई जा रही है.
घटना की खबर मिलते ही झारखंड के देवघर से शुभम के परिजन रायपुर पहुंचे. परिजनों ने स्पष्ट रुप से हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है. परिजनों का कहना है कि शुभम का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था. ऐसे में उसकी इस तरह मौत होना कई सवाल खड़े करता है.
फिलहाल पुलिस ने शुभम के साथ काम करने वाले मजदूरों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. ताकि यह पता लगाया जा सके कि शुभम आखिरी बार किसके साथ देखा गया था और उसकी मौत किन हालात में हुई.
विधानसभा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. फिलहाल रामा वर्ल्ड क्षेत्र में इस घटना को लेकर दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



