छुरा में रात के अंधेरे में शटर काटकर चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों की सतर्कता से आरोपी पुराणिक रंगे हाथों गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जप्त, जांच जारी

An attempt to steal by cutting the shutter in the dark of night in Chhura failed, due to the alertness of the villagers, the accused Puranik was arrested red-handed, the motorcycle was seized, investigation is underway.

छुरा में रात के अंधेरे में शटर काटकर चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों की सतर्कता से आरोपी पुराणिक रंगे हाथों गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जप्त, जांच जारी

गरियाबंद/छुरा : गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टेंगनाबासा में बीती रात चोरी की एक वारदात टल गई. अज्ञात व्यक्ति द्वारा वाइंडिंग वर्कशॉप का शटर काटकर चोरी करने की कोशिश की जा रही थी. लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को मौके से पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम टेंगनाबासा के मुख्य मार्ग किनारे स्थित जय मां संतोषी वाइंडिंग वर्कशॉप को देर रात करीब 12 बजे निशाना बनाया गया. आरोपी शटर काटकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था. उसी दौरान पड़ोसी गांव से कुछ ग्रामीण शादी समारोह से लौट रहे थे. उनकी नजर दुकान के पास संदिग्ध गतिविधि कर रहे एक व्यक्ति पर पड़ी.
ग्रामीणों द्वारा आवाज लगाए जाने पर संदिग्ध व्यक्ति घबराकर अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर पास के खेत में छिप गया. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए फौरन दुकान मालिक को खबर दी और आसपास के लोगों को भी इकट्ठा किया. इसके बाद ग्रामीणों और दुकान संचालक ने मिलकर खेत में छिपे व्यक्ति की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.
इस मामले की खबर मिलते ही छुरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई. पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर रही है. ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह अकेला था या किसी गिरोह के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था.
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी की पहचान पुराणिक ध्रुव, निवासी खैरीझिठी, थाना छुरा, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है. उससे पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुरानी घटनाओं से जुड़ाव की आशंका
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले भी क्षेत्र में चोरी की इसी तरह के मामले सामने आए थे. जिसमें किसानों के बोरवेल में लगे केबल काटकर चोरी की गई थी. ताजा मामले के बाद ग्रामीणों के बीच आशंका जताई जा रही है कि कहीं पकड़ा गया आरोपी उन्हीं वारदातों से जुड़ा हुआ तो नहीं है या फिर इसके पीछे कोई सक्रिय गिरोह काम कर रहा है.
ग्रामीणों में चिंता, पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही चोरी की कोशिशों से क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है. ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और असामाजिक तत्वों में भय कायम हो.
इस पूरी घटना में ग्रामीणों की सजगता और एकजुटता की अहम भूमिका रही. जिसके कारण एक बड़ी चोरी होने से बच गई. पुलिस अब मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जिससे क्षेत्र में हो रहे दुसरे मामलों का भी खुलासा हो सके.

ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t