गरियाबंद में भालुओं का आतंक, एक ही दिन में दो जगह हमले, चार भालुओं ने 2 ग्रामीणों को किया गंभीर घायल, 1 रायपुर रेफर, इलाकों में दहशत का माहौल

Bear menace in Gariaband: attacks at two locations in a single day; four bears seriously injured two villagers, with one referred to Raipur, creating an atmosphere of panic in the area.

गरियाबंद में भालुओं का आतंक, एक ही दिन में दो जगह हमले, चार भालुओं ने 2 ग्रामीणों को किया गंभीर घायल, 1 रायपुर रेफर, इलाकों में दहशत का माहौल

गरियाबंद/छुरा : गरियाबंद जिले के छुरा वन क्षेत्र में भालू के हमले के दो अलग-अलग मामले सामने आई हैं. दोनों मामलों में खेत में काम करने गए दो बुजुर्ग घायल हो गए. एक बुजुर्ग को गंभीर चोटें आने पर बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है. जबकि दूसरे का इलाज गरियाबंद जिला अस्पताल में जारी है. हमलों के बाद इलाके में भालुओं को लेकर दहशत का माहौल है.
पहली घटना छुरा क्षेत्र के रसेला गांव की बताई जा रही है. यहां 65 साल के बुजुर्ग लक्ष्मण यादव सुबह करीब 7 बजे खेत में दवा डालने के लिए गया था. इसी दौरान जंगल की तरफ से निकले भालू ने अचानक उस पर हमला कर दिया. भालू ने बुजुर्ग लक्ष्मण यादव के चेहरे पर बुरी तरह हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस दौरान उसके साथ मौजूद साथी आजूराम ठाकुर ने अपनी जान की परवाह किए बिना भालू से भिड़कर बुजुर्ग को बचाने का प्रयास किया. साथी ने लकड़ी के सहारे भालू को जंगल की तरफ खदेड़ा. जिसके बाद घायल बुजुर्ग लक्ष्मण यादव को इलाज के लिए गरियाबंद जिला अस्पताल पहुंचाया गया.
वहीं दूसरी घटना छुरा क्षेत्र के कामेपुर गांव में हुई. यहां सुबह खेत में काम करने गए 48 वर्षीय व्यक्ति का सामना अचानक तीन भालुओं के झुंड से हो गया. जान बचाने के लिए बुजुर्ग पेड़ पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान भालुओं ने उस पर हमला कर दिया. हमले में उसके पैर और कूल्हे में गंभीर चोटें आई हैं.
दोनों हमलों के बाद घायलों को इलाज के लिए गरियाबंद जिला अस्पताल लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार किया गया. रसेला की घटना में घायल बुजुर्ग की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया. जबकि दूसरे घायल का इलाज गरियाबंद में जारी है. लगातार सामने आई इन घटनाओं से छुरा क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग जंगल व खेतों की तरफ जाने में सावधानी बरत रहे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?