जन्माष्टमी विसर्जन कार्यक्रम के दौरान बवाल, दर्जन भर युवकों ने घर में घुसकर युवक को बेरहमी से पीटा, 3 नाबालिग समेत 11 गिरफ्तार
Chaos during Janmashtami immersion program, a dozen youths entered the house and brutally beat up the youth, 11 arrested including 3 minors
सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां जन्माष्टमी के पवित्र जुलूस में डीजे की धुन पर नाचते-गाते युवकों के बीच हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि अगले दिन आरोपी घर में घुसकर मारपीट पर उतारु हो गए. रामेश्वरम गांव की इस सनसनीखेज घटना में रामानुजनगर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जिसमें 3 नाबालिग भी शामिल हैं. इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें दर्जनों युवक एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूंसों और डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक 20 अगस्त की रात कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर विसर्जन जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. शुरुआत में कहासुनी हुई. लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक झगड़े में बदल गया. वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बड़ी तादाद में युवक इकट्ठे होकर एक युवक को घेरकर पहले दौड़ाते हैं और फिर जमीन पर पटककर उसकी बेरहमी से पिटाई करते हैं. युवक को डंडों और लात-घूंसों से लगातार मारा गया.
इस घटना से वहां मौजूद लोग भी दहशत में आ गए. हालांकि कई लोग बीच-बचाव की कोशिश करते भी दिखाई दिए. लेकिन हमलावर युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे. घटना के दौरान किसी ने इस पूरे मामले को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया. जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है.
20 अगस्त की रात गांव में जन्माष्टमी पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन का जुलूस निकला. डीजे पर थिरकते युवकों में रामेश्वरम निवासी जवाहिर लाल और उसके दो साथियों का लक्ष्मीपुर के दीपक दास और मिलन दास से झगड़ा हो गया. मामला इतना गरमाया कि अगले दिन 21 अगस्त को दीपक दास उर्फ बंटी बाबा और उसके साथी राजेश साहू, प्रीतिशंकर उर्फ हिमांशु उर्फ गौरीशंकर, अनुज साहू उर्फ राजू, लवकेश पंडो, सूरज टोप्पो, पीकेश कुमार, नरेंद्र मिर्रे समेत 3 नाबालिगों ने एकजुट होकर जवाहिर लाल के घर में घुसकर जमकर मारपीट की. पीडि़त ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई.
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद सूरजपुर पुलिस ने पुलिस ने बलवा का अपराध दर्ज कर मामले में जांच शुरु कर दी. रामानुजनगर थाना प्रभारी राजेंद्र साहू की अगुवाई में पुलिस टीम ने 23 अगस्त को गांव में दबिश दी और सभी 11 आरोपियों को धर दबोचा. पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल लिया. 8 वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. जबकि 3 नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया.
इस कार्रवाई में एएसआई मनोज पोर्ते,प्रधान आरक्षक निमेश शर्मा, आरक्षक विजय राजवाड़े,मितेश मिश्रा, राजकुमार नायक और अमलेश्वर कुमार ने अहम भूमिका निभाई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जन्माष्टमी जैसे धार्मिक कार्यक्रम में इस तरह की हिंसक घटना बेहद शर्मनाक है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है. यह घटना एक बार फिर बताती है कि छोटे-छोटे विवाद किस तरह भीड़ हिंसा का रुप ले सकते हैं और स्थिति बेकाबू हो सकती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



