कन्या शाला को बॉयज स्कूल में मर्ज करने पर बवाल, छात्राओं ने किया चक्काजाम, घंटों थमा रहा यातायात, आदेश रद्द करने की मांग
Chaos over merging of girls school with boys school, girl students blocked the road, traffic halted for hours, demand to cancel the order
गरियाबंद/राजिम/फिंगेश्वर : गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में शनिवार को छात्राओं का गुस्सा उस समय सड़क पर फूट पड़ा जब शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मर्ज कर दिया गया. मर्ज आदेश से नाराज़ सैकड़ों छात्राओं ने फिंगेश्वर-राजिम मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया. अचानक हुए इस विरोध से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. यह पूरा मामला फिंगेश्वर कन्या शाला का है.
मिली जानकारी के मुताबिक फिंगेश्वर कन्या शाला की छात्राओं ने मुख्यमार्ग को जाम कर जमकर नारेबाजी की. छात्राएं कन्या शाला को ब्वायज शाला में मर्ज करने के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया. छात्राओं ने पहले भी इस मामले में कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा था. लेकिन मांग पूरी न होने पर अब उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध जताया. प्रदर्शन की वजह से मुख्यमार्ग पर लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित हुआ.
छात्राओं का आरोप है कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने नियमों को ताक पर रखकर मनमाने तरीके से स्कूल का विलय कर दिया. उनका कहना था कि कन्या विद्यालय की पहचान और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला यह फैसला उन्हें किसी भी हाल में मंजूर नहीं है. जब तक आदेश निरस्त नहीं किया जाता. आंदोलन जारी रहेगा.
खबरमिलते ही राजिम एसडीएम विशाल महाराणा, तहसीलदार अंजलि खलको और थाना प्रभारी गौतम गांवडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों को समझाने की कोशिश की. लेकिन छात्राएं अपनी मांग पर अडिग रहीं. उनका कहना था कि पढ़ाई और माहौल दोनों ही प्रभावित होंगे. इसलिए यह मर्ज किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं. प्रशासन ने मौके पर शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



