बेटे के जन्मदिन पर खौफनाक वारदात, मां की बेरहमी से हत्या, कमरे में खून से लथपथ मिली लाश, सिर-गले पर वार, बहू पर मर्डर का शक

Horrific incident on son's birthday, mother brutally murdered, body found soaked in blood in the room, head and neck attacked, daughter-in-law suspected of murder

बेटे के जन्मदिन पर खौफनाक वारदात, मां की बेरहमी से हत्या, कमरे में खून से लथपथ मिली लाश, सिर-गले पर वार, बहू पर मर्डर का शक

बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बेटे के जन्मदिन के जश्न के बीच उसकी मां की बेरहमी से हत्या कर दी गई. जिससे खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया. यह वारदात बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम बघमरा की है. 
मिली जानकारी के मुताबिक बघमरा निवासी परमेश्वरी कृषि दुकान संचालक टुकेन्द्र देवांगन अपने दोस्तों के साथ विशाखापट्टनम में बर्थडे सेलिब्रेशन कर रहा था. उसी दौरान उसे खबर मिली कि उसकी मां गीता बाई देवांगन उम्र 65 साल की हत्या कर दी गई है.
वारदात की खबर मिलते ही फोरेंसिक टीम और बालोद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्च्युरी भेजा. जहां आज (बुधवार) पोस्टमॉर्टम किया गया. घटना के वक्त घर पर अकेली मौजूद बहू से पुलिस पूछताछ कर रही है. और जल्द ही मामले के खुलासे की बात कही जा रही है.
ग्रामीणों के मुताबिक मृतिका के सिर और गले पर धारदार हथियार से कई वार किए गए हैं. ऐसा मालूम होता है कि उस पर फावड़े से हमला किया गया. घर के दूसरे कमरे में रखे फावड़ा को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
मौके पर एएसपी मोनिका ठाकुर और एसडीओपी देवांश सिंह राठौर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने पुष्टि किया कि यह हत्या का मामला है. लेकिन किसने और क्यों हत्या की? यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा.
मृतिका गीता बाई देवांगन के पति सोनू राम देवांगन ने बताया कि उनका बेटा एक दिन पहले ही घूमने के लिए गया और वह भी मंगलवार सुबह 9:30 बजे अपनी बेटी सीमा के घर देवरी चले गए थे. जाते वक्त घर पर केवल गीता और बहू खिलेश्वरी मौजूद थीं.
जब पुलिस ने पारिवारिक विवाद को लेकर पूछताछ की तो सोनू राम ने बताया कि उनका इकलौता बेटा है. जिसकी शादी 8 साल पहले हुई थी. गांव के लोग भी जानते हैं कि बहू का अक्सर घर के अन्य सदस्यों के साथ विवाद होता रहता था. उन्होंने कहा कि इस एंगल से जांच होनी चाहिए. पुलिस ने उन्हें जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
ttps://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB