लेखराम साहू ने अदालत में दी चुनौती, हाईकोर्ट पहुंचा सरोज पांडे के राज्यसभा चुनाव का मामला, पूर्व सांसद पर जानकारी छिपाने का आरोप
Lekh Ram Sahu challenges Saroj Pandey's Rajya Sabha election case in court, former MP accused of concealing information
रायपुर : भाजपा नेत्री सरोज पांडे के निर्वाचन को कांग्रेस उम्मीदवार लेखराम साहू ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है. मार्च 2018 में छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनाव हुआ था। इसमें भाजपा ने सरोज पांडे और कांग्रेस ने लेखराम साहू को मैदान में उतारा था. चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी ने सरोज पांडे के नामांकन पत्र और शपथ पत्र पर सवाल उठाए थे.
आरोप है कि सरोज पांडे ने शपथ पत्र में कई अहम जानकारी छिपाई थी. हालांकि तत्कालीन निर्वाचन अधिकारी ने इन आपत्तियों को खारिज कर दिया था. इसके बाद मामला केंद्रीय चुनाव आयोग और राज्यपाल तक भी पहुंचा था. फिर मतदान हुआ और सरोज पांडे विजेता घोषित हुईं.
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद हारे हुए उम्मीदवार लेखराम साहू ने शपथ पत्र में गलत जानकारी देने की बात कही थी. साथ ही उन्होंने सरोज पांडे के राज्यसभा निर्वाचन को हाईकोर्ट में चुनौती दी. यह याचिका लंबित है. इस पर नियमित सुनवाई चल रही है.
याचिका में कांग्रेस पार्टी और लेखराम साहू ने भाजपा के 11 विधायकों पर संसदीय सचिव, 7 विधायकों पर निगम-मंडलों में अध्यक्ष/उपाध्यक्ष होने के कारण लाभ का पद धारण करने का आरोप लगाया था. इस आधार पर इन 18 विधायकों को मतदान से वंचित करने की मांग की गई थी. हालांकि उस समय राज्यसभा निर्वाचन अधिकारी ने दोनों आपत्तियों को खारिज कर दिया था.
इस मामले की सुनवाई के दौरान विधानसभा के तत्कालीन महासचिव चंद्रशेखर गंगराड़े की गवाही दर्ज की गई है. इसके साथ ही लेखराम साहू की तरफ से पेश किए जाने वाले कुल नौ गवाहों की गवाही पूरी हो गई है.
वहीं सरोज पांडे की तरफ से अधिवक्ता ने उनके शपथ पत्र पेश करने के लिए अदालत से दो हफ्ते का समय मांगा। जिसे स्वीकार कर लिया गया है. अब अगली सुनवाई में सरोज पांडे और उनके द्वारा पेश किए जाने वाले अन्य गवाहों की गवाही दर्ज की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



