छग के भोरमदेव महोत्सव में जमकर तोड़फोड़, हंसराज रघुवंशी की प्रस्तुति के समय मचा उत्पात, सैकड़ों कुर्सियां की तोड़फोड़, कुर्सियां ले गए अपने घर
Massive vandalism at Bhoramdev Mahotsav in Chhattisgarh, uproar during Hansraj Raghuvanshi's performance, hundreds of chairs vandalized, chairs taken to their homes
कबीरधाम/भोरमदेव : छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, पुरातात्त्विक और धार्मिक धरोहर भोरमदेव में 29वें भोरमदेव महोत्सव की बुधवार को शुरुआत हुई. यह महोत्सव दो दिन तक चलेगा. पहले दिन बुधवार 26 मार्च को भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी ने देर रात करीब 10 बजे अपनी मधुर आवाज से शिव भक्ति की महिमा भजनों की शानदार प्रस्तुति दी. उनके भजनों से लोग झूमते नजर आए. वहीं इस महोत्सव के दौरान अव्यवस्था भी देखने को मिली. हालत ऐसी थी कि कार्यक्रम के दौरान मंच के अंतिम छोर में जमकर तोड़फोड़ हुई. यहां पर उपद्रवियों ने उत्पात मचाया. सैकड़ों कुर्सियां तोड़ दीं.
इसके अलावा कई लोग कार्यक्रम के बाद कुर्सियां अपने घर ले गए. ऐसे में कार्यक्रम के लिए ठेका लिए टेंट कंपनी को नुकसान का सामना करना पड़ा. इस महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस ने बेहतर व्यवस्था का दावा तो किया था. लेकिन दावा धराशायी होते दिखा है. हालात ऐसे थे कि कवर्धा से भोरमदेव करीब 15 किमी की सड़क में शाम सात से लेकर रात 12 बजे तक जाम की हालत बनी रही.
146 करोड़ रुपये की मिली स्वीकृति
बुधवार को महोत्सव के शुभारंभ के दिन ही केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत भोरमदेव मंदिर परिसर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृति दी. इस कार्यक्रम में कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद संतोष पांडे, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, विधायक ईश्वर साहू, राजीव लोचन महाराज, कबीरधाम जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व कवर्धा विधायक अशोक साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, डॉ.सियाराम साहू समेत जिला स्तर के अधिकारी मौजूद थे.
छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम का होगा आयोजन
भोरमदेव महोत्सव के आज दूसरे दिन गुरुवार 27 मार्च छत्तीसगढ़ी लोक विधाओं और आधुनिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के शानदार प्रदर्शन का साक्षी बनने जा रहा है. भोरमदेव मेला परिसर में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ के प्रख्यात लोक कलाकार और आधुनिक कला मंच के दिग्गज अपनी प्रस्तुति देंगे. महोत्सव की शुरुआत शाम चार बजे कबीरधाम जिले के स्कूली बच्चों द्वारा विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम से होगी. इसके बाद बैगा नृत्य (नागा बैगा दल), गेड़ी दल का रोमांचक प्रदर्शन और लोक कलाकार दानी वर्मा की लोक प्रस्तुति महोत्सव को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी रंग में रंग देगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



